Kaushambi Crime News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में बुधवार शाम एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. नेशनल हाईवे-2 के किनारे झाड़ियों में एक बंद बक्से के अंदर करीब 30 साल की महिला का शव बरामद हुआ है. वारदात के 15 घंटे बीत जाने के बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है. हालांकि महिला के हाथ पर बने टैटू पुलिस को कुछ सुराग दे सकती है. महिला के बाएं हाथ पर बिच्छू का टैटू बना है और दो नाम लिखे हुए हैं. पुलिस इस मामले को सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या मान रही है. फिलहाल आरोपियों की तलाश में जिले भर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
घटना कोखराज थाना क्षेत्र के कल्याणपुर की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि कार सवार कुछ संदिग्ध लोग हाईवे किनारे एक बड़ा बक्सा फेंक कर फरार हुए हैं. जब पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर बक्सा खोला तो अंदर का मंजर देख सबके होश उड़ गए. बक्से में एक अज्ञात महिला का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था. साक्ष्यों को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के लिए शव को यहां ठिकाने लगाया गया.
टैटू बन सकते हैं पहचान का जरिया
मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग लगे हैं. महिला के शरीर पर कई विशेष टैटू बने हुए हैं. बाएं हाथ पर सूरज का निशान और अंग्रेजी में 'JEEV' गुदा हुआ है. वहीं दाहिने हाथ पर भगवान गणेश और बिच्छू का टैटू बना मिला है.पुलिस का मानना है कि ये निशान महिला की पहचान करने में सबसे मददगार साबित होंगे.
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है. एएसपी राजेश सिंह और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब उन कार सवारों की तलाश में जुटी है जिन्होंने इस बक्से को हाईवे पर फेंका था.आसपास के होटलों, दुकानों और टोल प्लाजा के कैमरों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि अपराधियों का सुराग लग सके. फिलहाल महिला की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है.
ADVERTISEMENT









