Neetu Chandra Story: इन दिनों बॉलीवुड और साउथ फिल्मों में भोजपुरी कलाकारों की डिमांड तेजी से बढ़ती जा रही है. पवन सिंह, खेसारी लाल यादव, रवि किशन और अक्षरा सिंह जैसे कलाकार लगातार चर्चा में हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भोजपुरी सिनेमा से जुड़ी एक अभिनेत्री ऐसी भी हैं, जिन्होंने सालों पहले सिर्फ दूसरी फिल्म इंडस्ट्री ही नहीं बल्कि हॉलीवुड तक का सफर तय कर लिया था. हम बात कर रहे हैं अभिनेत्री नीतू चंद्रा श्रीवास्तव की.
ADVERTISEMENT
बिहार के बक्सर में हुआ जन्म
नीतू चंद्रा श्रीवास्तव का जन्म 20 जून 1984 को बिहार के बक्सर में हुआ था. उनकी मातृभाषा भोजपुरी है. नीतू ने हिंदी, तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम किया है. अभिनय के अलावा वह एक प्रशिक्षित ताइक्वांडो खिलाड़ी और सांस्कृतिक कलाकार भी हैं.
'गरम मसाला' से बॉलीवुड में रखा कदम
नीतू चंद्रा ने साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'गरम मसाला' से बॉलीवुड में एंट्री की थी. इस फिल्म में उन्होंने एयर होस्टेस स्वीटी का किरदार निभाया था. इसके बाद वह लगातार कई फिल्मों में नजर आईं. साल 2008 में उनकी चार फिल्में रिलीज हुईं, जिससे उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी.
तमिल सिनेमा में भी मिली सफलता
साल 2009 में नीतू चंद्रा की तमिल फिल्म यावरुम नालम रिलीज हुई, जिसमें उनके साथ अभिनेता आर माधवन नजर आए थे. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और दर्शकों ने उनके काम को पसंद किया. इसके बाद साल 2010 में वह हिंदी फिल्म रण, अपार्टमेंट और नो प्रॉब्लम समेत कई फिल्मों का हिस्सा बनीं. इन फिल्मों के जरिए उन्होंने बॉलीवुड और साउथ सिनेमा दोनों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई.
अपना प्रोडक्शन हाउस भी चलाती हैं
नीतू चंद्रा का अपना प्रोडक्शन हाउस 'चंपारण टॉकीज' है. इसी बैनर तले बनी मैथिली फिल्म 'मिथिला मखान' को सर्वश्रेष्ठ मैथिली फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था. इस उपलब्धि ने उन्हें फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी पहचान दिलाई.
भोजपुरी फिल्म 'देसवा' का किया निर्माण
साल 2011 में नीतू चंद्रा ने भोजपुरी फिल्म 'देसवा' का निर्माण किया था. इस फिल्म का निर्देशन उनके भाई नितिन चंद्रा ने किया था. फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी.
हॉलीवुड फिल्म में निभाया अहम किरदार
साल 2021 में नीतू चंद्रा ने हॉलीवुड फिल्म नेवर बैक डाउन: रिवोल्ट से अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में कदम रखा. यह नेवर बैक डाउन फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म थी. फिल्म में उन्होंने जया नाम की मार्शल आर्टिस्ट का किरदार निभाया था. यहां उनके एक्शन सीन्स की काफी तारीफ हुई थी.
ग्रीक फिल्म और वेब शो में भी दिखीं
हॉलीवुड के अलावा नीतू चंद्रा ग्रीक फिल्म ब्लॉक 12 में भी नजर आ चुकी हैं. इसके साथ ही उन्होंने अमेजन प्राइम के शो गाउन एंड आउट इन बेवर्ली हिल्स में भी काम किया है. इस तरह वह कई अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रह चुकी हैं.
खुद को बताया था 'ब्राजीलियन बिहारी'
एक इंटरव्यू में नीतू चंद्रा ने बताया था कि वह पहली बार साल 2015 में अमेरिका गई थीं. उन्होंने कहा था कि वहां कई लोग उन्हें ब्राजीलियन और इटैलियन समझ लेते थे. इस पर वह मजाक में कहती थीं, 'आप मुझे ब्राजीलियन बिहारी कह सकते हैं.'
नीतू चंद्रा आज उन चुनिंदा कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने भोजपुरी और मैथिली सिनेमा से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)
ADVERTISEMENT










