Saharanpur Crime News: सहारनपुर के थाना मिर्जापुर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सरिया चोरी और धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
ADVERTISEMENT
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किया गया करीब 7 टन सरिया, एक ट्रक-ट्रेलर, एक कार, इलेक्ट्रॉनिक चिप और रिमोट बरामद किया है. बहराइच निवासी उमरेश पाण्डेय ने शिकायत दर्ज कराई थी कि गाजियाबाद से 32 टन सरिया शाकुंभरी मंदिर के पास निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग के लिए भेजा गया था. रास्ते में आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से लगभग 7 टन सरिया चोरी कर लिया. इसके बाद धर्मकांटे पर वजन कराने से पहले ट्रक में एक विशेष इलेक्ट्रॉनिक चिप लगा दी जाती थी, जिसे रिमोट से संचालित कर कम वजन वाले ट्रक को भी 32 टन दर्शाया जाता था.
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने जांच के दौरान युसुफ, फहीम और मुर्सलीन को शेरपुर पेलो क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रास्ते में सरिया उतारकर उसका गबन कर लेते थे और तकनीकी उपकरणों की मदद से धर्मकांटे पर वजन में हेराफेरी कर चोरी को छिपा देते थे. पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वे एक कार से रेकी भी करते थे. बरामद कार पर अलग-अलग नंबर प्लेट लगी मिली, जिससे मामले में जालसाजी का पहलू भी सामने आया है.
पुलिस ने मुकदमे में कई गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. इस खुलासे ने माल परिवहन और धर्मकांटा व्यवस्था में तकनीकी हेराफेरी के जरिए किए जा रहे संगठित अपराध की एक नई परत उजागर कर दी है.
ADVERTISEMENT










