Pawan Singh on Ravi Kishan: भोजपुरी स्टार और हाल ही में भाजपा से एमएलसी बने पवन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. उत्तर प्रदेश के बलिया में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान पवन सिंह ने मंच से गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन को 'प्रधानमंत्री' बता दिया. पवन सिंह का यह बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं और उनकी राजनीतिक समझ पर सवाल उठा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
मंच पर मस्ती के मूड में फिसली जुबान
बलिया में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में भोजपुरी सिनेमा के दो दिग्गज पवन सिंह और रवि किशन एक साथ मंच पर मौजूद थे. दोनों कलाकारों ने अपनी जुगलबंदी से समा बांध रखा था. इसी बीच मस्ती के मूड में नजर आ रहे पवन सिंह ने रवि किशन को पास बुलाते हुए कहा 'माननीय सांसद जी जरा इधर आइए.' जैसे ही रवि किशन उनके पास पहुंचे पवन सिंह ने उनका हाथ पकड़ा और माइक पर बोल पड़े 'आप कलाकार पहले हैं बाद में प्रधानमंत्री हैं.'
सोशल मीडिया पर ट्रोलर्स के निशाने पर आए पवन सिंह
रवि किशन को देश का प्रधानमंत्री बताने वाला पवन सिंह का यह वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर आया वायरल हो गया. लोग अब पवन सिंह को सोशल मीडिया पर जमकर आड़े हाथों ले रहे हैं. यूजर्स सवाल उठा रहे हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा एमएलसी बनाए जाने के बाद भी पवन सिंह को मंच पर यह होश नहीं रहा कि देश का प्रधानमंत्री कौन है? वे देश के सर्वोच्च पद और गोरखपुर के सांसद के बीच का अंतर ही भूल गए.
हाल ही में बीजेपी ने बनाया है MLC
पवन सिंह का यह विवादित वीडियो ऐसे समय पर आया है जब वे राजनीति में अपनी नई पारी को लेकर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के लिए जमकर पसीना बहाने वाले पवन सिंह को पार्टी ने हाल ही में एमएलसी (MLC) बनाकर इनाम दिया है. इससे पहले उनके राज्यसभा जाने की अटकलें थीं. लेकिन वहां टिकट न मिलने के बाद बीजेपी ने उन्हें विधान परिषद भेजने का फैसला किया. एमएलसी बनने की इस खुशी के बीच अब इस नए वीडियो ने उनके लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है.
ADVERTISEMENT










