भोजपुरी फिल्मों में काम करना चाहते हैं अक्षय कुमार, बताया इसे हॉलीवुड से बेहतर!

Akshay Kumar On Bhojpuri Films: वेलकम टू द जंगल' के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने कॉमेडी फिल्मों की चुनौतियों, सोशल मीडिया के असर, भोजपुरी सिनेमा, फ्रेंचाइजी फिल्मों और अपनी फ्लॉप फिल्मों पर खुलकर बात की. जानिए उन्होंने भोजपुरी को हॉलीवुड से बेहतर क्यों बताया.

UP Tak

यूपी तक

• 05:17 PM • 25 Jun 2026

follow google news

Akshay Kumar On Bhojpuri Films: अपनी नई फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज से पहले अभिनेता अक्षय कुमार लगातार इसके प्रमोशन में जुटे हैं. इस दौरान उन्होंने कॉमेडी फिल्मों की बदलती चुनौती, सोशल मीडिया के असर, भोजपुरी सिनेमा और अपनी फिल्मों की सफलता-असफलता पर खुलकर बात की. अक्षय का कहना है कि आज के दौर में लोगों को हंसाना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है.

यह भी पढ़ें...

रील्स और मीम्स के दौर में कॉमेडी करना आसान नहीं

PTI को दिए इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने कहा कि पहले के मुकाबले अब कॉमेडी करना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया है. उन्होंने कहा कि आज हर किसी के मोबाइल में इंस्टाग्राम रील्स, मीम्स और स्टैंड-अप कॉमेडी मौजूद है. ऐसे में दर्शकों को कुछ नया और अलग दिखाकर हंसाना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है. हालांकि, उनका मानना है कि कॉमेडी कभी खत्म नहीं होती, क्योंकि इसके कई अलग-अलग रूप होते हैं, जैसे फिजिकल कॉमेडी, सिचुएशनल कॉमेडी, स्लैपस्टिक और डार्क ह्यूमर.

फिल्में अब मनोरंजन का इकलौता जरिया नहीं

अक्षय कुमार ने कहा कि पहले फिल्मों के जरिए ही लोग मनोरंजन करते थे, लेकिन अब सोशल मीडिया ने तस्वीर बदल दी है. उन्होंने कहा कि लोग हर दिन मीम्स, वायरल वीडियो और स्टैंड-अप कॉमेडी देखते हैं. ऐसे में फिल्मों को दर्शकों का ध्यान खींचने के लिए पहले से ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. इसके बावजूद उनका मानना है कि लोगों को हंसाना आज भी सबसे कठिन कामों में से एक है.

स्टैंड-अप कॉमेडियन का मैं बहुत सम्मान करता हूं

अक्षय ने कहा कि लोग अक्सर कॉमेडी को आसान समझ लेते हैं, जबकि यह सबसे कठिन कला है. उन्होंने कहा कि अकेले मंच पर खड़े होकर हजारों लोगों को हंसाना हर किसी की बस की बात नहीं है. यही वजह है कि वह स्टैंड-अप कॉमेडियंस का काफी सम्मान करते हैं.

खुद पर मजाक करना सबसे बेहतर तरीका

'वेलकम टू द जंगल' के ट्रेलर में कई ऐसे सीन हैं, जहां कलाकार खुद का मजाक उड़ाते नजर आते हैं. इस पर अक्षय कुमार ने कहा कि उन्हें किसी और का मजाक उड़ाने से ज्यादा खुद पर हंसना पसंद है. उन्होंने फिल्म के एक डायलॉग का जिक्र करते हुए बताया कि जब उन्हें फ्लॉप फिल्मों वाला डायलॉग सुनाया गया तो उन्होंने तुरंत उसे फिल्म में रखने के लिए कहा. अक्षय बोले, "मैंने भी फ्लॉप फिल्में दी हैं, इसे स्वीकार करने में कोई दिक्कत नहीं है."

भोजपुरी स्टार का किरदार निभाने के लिए देखे 30-40 गाने

फिल्म में अक्षय कुमार एक ऐसे अभिनेता का किरदार निभा रहे हैं, जो भोजपुरी सिनेमा का फीका पड़ चुका सुपरस्टार है. इस किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने करीब 30 से 40 भोजपुरी गाने देखे. उन्होंने रवि किशन, पवन सिंह और कई अन्य भोजपुरी कलाकारों की परफॉर्मेंस देखकर उनकी स्टाइल और एनर्जी को समझने की कोशिश की. अक्षय ने कहा कि भोजपुरी कलाकार जिस ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ परफॉर्म करते हैं, उससे उन्होंने काफी कुछ सीखा.

भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है

'वेलकम टू द जंगल' के प्रमोशनल वीडियो में अक्षय कुमार ने कहा कि अगर उन्हें भोजपुरी में कोई अच्छा गाना, रोल या कहानी मिले तो वह जरूर काम करना चाहेंगे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि "भोजपुरी हॉलीवुड से बेहतर है." अक्षय ने बताया कि यह लाइन उन्होंने खुद फिल्म में रखवाई थी. उनका कहना था कि भारतीय संस्कृति और क्षेत्रीय भाषाओं के गानों की अपनी अलग पहचान और खूबसूरती है.

फ्रेंचाइजी होना सफलता की गारंटी नहीं

'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म को लेकर अक्षय कुमार ने कहा कि किसी फिल्म का फ्रेंचाइजी होना उसकी सफलता की गारंटी नहीं है. उनके मुताबिक, अगर फिल्म अच्छी होगी तो दर्शक उसे जरूर पसंद करेंगे और अगर फिल्म अच्छी नहीं है तो सिर्फ नाम के भरोसे सफलता नहीं मिल सकती. उन्होंने अपनी हालिया फिल्म 'भूत बंगला' का उदाहरण देते हुए कहा कि वह कोई फ्रेंचाइजी फिल्म नहीं थी, फिर भी लोगों ने उसे पसंद किया.

इस दिन रिलीज होगी 'वेलकम टू द जंगल

अहमद खान के निर्देशन में बनी 'वेलकम टू द जंगल' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म की रिलीज से एक दिन पहले गुरुवार को इसके पेड प्रीव्यू शो भी आयोजित किए जाएंगे. फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता, जैकी श्रॉफ समेत 30 से ज्यादा कलाकार नजर आएंगे.
 

(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)