सोशल मीडिया पर जौनपुर का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ता सफेद रंग की गाड़ी की अगली सीट पर 'साहब' की तरह बैठा नजर आ रहा है. इस गाड़ी पर बड़े अक्षरों में 'एसडी' लिखा हुआ है, जिसे देखकर लोग इसे सरकारी वाहन मानकर तरह-तरह के मीम्स और मजाक बना रहे हैं. हालांकि, अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि यह वाकई किसी अधिकारी की सरकारी गाड़ी है या नहीं, लेकिन इंटरनेट पर इसे लेकर दावों और चर्चाओं का बाजार गर्म है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है.
ADVERTISEMENT
इसी बीच, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी इलाके से एक और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जहां कानून की धज्जियां उड़ती दिखीं. वीडियो में एक 'थार' गाड़ी में सवार कुछ युवक सरेआम बच्चों और बुजुर्गों के सामने अभद्र गालियां देते और हुड़दंग मचाते नजर आ रहे हैं. हद तो तब हो गई जब गाड़ी चला रहा शर्टलेस युवक नीचे उतरते समय एक बाइक सवार से जा टकराया, लेकिन उसके बावजूद उसका टशन और गाली-गलौज कम नहीं हुई. इस घटना ने रिहाइशी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी का यह वीडियो वायरल होते ही बिसरख पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी सीज कर दिया है और मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है कि इस विवाद की शुरुआत कैसे हुई. पुलिस की इस सक्रियता की लोग सराहना तो कर रहे हैं, लेकिन सरेराह ऐसी अभद्रता और अराजकता ने स्थानीय निवासियों के बीच चिंता पैदा कर दी है, जिस पर अब सख्त विधिक कार्रवाई की तैयारी है.
ADVERTISEMENT









