ग्रेटर नोएडा के निक्की भाटी हत्याकांड में 9 महीने बाद बड़ा उलटफेर, पंचायत के फैसले ने सबको चौंकाया

Nikki Bhati Murder Case: ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में 9 महीने बाद बड़ा मोड़ सामने आया है. सिरसा गांव में हुई पंचायत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया है और सभी मुकदमे वापस लेने की तैयारी चल रही है.

यूपी तक

• 12:51 PM • 28 May 2026

follow google news

Nikki Bhati Murder Case: ग्रेटर नोएडा के चर्चित निक्की भाटी हत्याकांड में अब लगभग 9 महीने बाद बड़ा मोड़ सामने आया है. अगस्त 2025 में सिरसा गांव स्थित ससुराल में निक्की भाटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया था. पति विपिन भाटी, ससुर और जेठ पर गंभीर आरोप लगे थे और गिरफ्तारी भी हुई थी. लेकिन अब ताजा अपडेट के अनुसार, पंचायत में हुए समझौते के बाद मामले के सभी मुकदमे वापस लेने की तैयारी की जा रही है, जिससे यह केस नए मोड़ पर पहुंच गया है.

यह भी पढ़ें...

घटना और शुरुआती आरोप

यह मामला 21 अगस्त 2025 का है, जब ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी की ससुराल में उसकी संदिग्ध मौत हो गई थी. इसके बाद मृतका की बड़ी बहन कंचन भाटी ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे. आरोपों में रील बनाने, पार्लर चलाने को लेकर दबाव, प्रताड़ना, मारपीट और दहेज उत्पीड़न जैसे मामले शामिल थे.

इन आरोपों के आधार पर पति विपिन भाटी, ससुर और जेठ को गिरफ्तार किया गया था. मामला काफी गंभीर माना गया और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया था.

पंचायत में बड़ा फैसला और समझौता

अब लगभग 9 महीने बाद इस मामले में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. जानकारी के अनुसार गांव में पंचायत बुलाई गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई. पंचायत में कई दौर की चर्चा के बाद सहमति बनाई गई.

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों को ध्यान में रखते हुए समझौता किया है. इस समझौते के तहत केस से जुड़े सभी मुकदमे वापस लेने की तैयारी की जा रही है और कोर्ट में एफिडेविट देकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

परिवार से जुड़े नए अपडेट

सूत्रों के अनुसार, समझौते के बाद यह भी तय हुआ है कि मृतका की बड़ी बहन कंचन भाटी, जो पहले ससुराल पक्ष पर आरोप लगा रही थीं, अब 9 महीने बाद अपने ससुराल वापस लौटेंगी. साथ ही निक्की भाटी का बच्चा भी परिवार के साथ रहेगा. इसके अलावा यह भी दावा किया जा रहा है कि बच्चों के नाम पर संपत्ति से जुड़ा समझौता भी किया गया है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित किया जा सके.

जेल से रिहाई और वर्तमान स्थिति

जानकारी के अनुसार इस मामले में नामजद सभी आरोपी पहले ही जेल से बाहर आ चुके हैं. इनमें पति विपिन भाटी, ससुर और जेठ शामिल हैं. अब केस वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामला लगभग समाप्त होने की ओर बढ़ रहा है.

यह भी पढ़ें: मुर्गी पालन से बन सकते हैं लाखपति...सरकार की इस योजना में मिल रहा लाखों का लोन, जानें कैसे करें अप्लाई