Twisha Sharma Case: बीते कुछ दिनों से नोएडा की रहने वाली और भोपाल में अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई ट्विषा शर्मा के मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं. इस हाई प्रोफाइल केस में अब सीबीआई की एंट्री हो चुकी है और मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने एक बड़ा और सख्त फैसला सुनाया है. घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, पति समर्थ सिंह का फरार होना और फिर सरेंडर करना जैसे घटनाक्रमों ने मामले को और गंभीर बना दिया है.
ADVERTISEMENT
हाईकोर्ट का बड़ा फैसला आया सामने
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में आरोपी सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को निचली अदालत से मिली अग्रिम जमानत को रद्द कर दिया है. जबलपुर बेंच में वेकेशन जज देवारायण मिश्रा की अदालत ने 17 पन्नों का विस्तृत आदेश जारी किया.
कोर्ट ने 15 मई 2026 को भोपाल की 10वीं अतिरिक्त सत्र अदालत द्वारा दी गई अग्रिम जमानत को पूरी तरह निरस्त कर दिया. हाईकोर्ट ने कहा कि निचली अदालत ने गवाहों के बयान, व्हाट्सप्प चैट्स और अन्य गंभीर साक्ष्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया.
सीबीआई जांच और चौंकाने वाले खुलासे
इस केस की जांच अब पूरी तरह सीबीआई के हाथों में है. सीबीआई ने कोर्ट में बताया कि ट्विषा के शव पर कई चोटों के निशान थे, जो लिगचर से नहीं हो सकते. सीबीआई का यह भी आरोप है कि मौत के बाद सास गिरिबाला सिंह ने एक छोटी वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर साझा की, जिसे सबूतों से छेड़छाड़ के रूप में देखा जा रहा है.
व्हाट्सप्प चैट्स से यह भी सामने आया है कि पति समर्थ सिंह और सास ट्विषा के चरित्र पर शक करते थे. साथ ही यह आरोप भी है कि ट्विषा गर्भवती थीं और उन पर गर्भपात कराने का दबाव बनाया गया था.
गवाहों के बयान और दहेज के आरोप
कोर्ट में पेश किए गए गवाहों के बयानों में रेखा रानी शर्मा, मीनाक्षी शर्मा, नवनिधि शर्मा, हर्षित शर्मा और राशि अबरोला के बयान शामिल हैं. इन बयानों के अनुसार, 13 मई 2026 से ही यह आरोप सामने आए कि सास और पति द्वारा ट्विषा को प्रताड़ित किया जा रहा था और गर्भपात के लिए दबाव डाला जा रहा था. इसके अलावा यह भी आरोप सामने आए कि ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जाती थी और शादी में दिए गए धन को कम बताया जाता था.
पति की गिरफ्तारी
इस बीच भोपाल की अदालत ने बुधवार को ट्विषा के पति समर्थ सिंह को सीबीआई हिरासत में भेज दिया है. इसके बाद सीबीआई टीम उसे लेकर कटारा हिल्स स्थित सास गिरिबाला सिंह के घर भी पहुंची और जांच को आगे बढ़ाया.
ट्विषा शर्मा, जो एक पूर्व मॉडल और अभिनेत्री थीं, 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं. इसके बाद मामले की जांच पहले मध्य प्रदेश पुलिस के पास थी, जिसे बाद में सीबीआई को सौंप दिया गया.
ADVERTISEMENT









