गांव में स्टार्ट-अप के लिए सरकार दे रही 10 लाख तक का लोन, जानें मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना से किसे मिलेगा फायदा

Small Business Loan:मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना के तहत यूपी सरकार ग्रामीण युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए ₹10 लाख तक का लोन दे रही है. 18 से 50 वर्ष के युवा इस योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. जानें पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन की पूरी प्रक्रिया.

यूपी तक

• 03:32 PM • 05 Mar 2026

follow google news

Small Business Loan:अब ग्रामीण युवाओं को रोजगार की तलाश में शहर भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गांवों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 'मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना' की पहल की है. अक्सर संसाधनों की कमी की वजह से ग्रामीण युवा अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते. लेकिन सरकार की इस योजना ने उनकी राह आसान कर दी है. इस योजना के तहत न केवल आर्थिक मदद दी जा रही है बल्कि गांव की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का मौका भी मिल रहा है.मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना का लक्ष्य गांव के हुनर को गांव में ही काम दिलाना और पलायन को रोकना है.

यह भी पढ़ें...

क्या है मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना?

यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षित बेरोजगारों के लिए शुरू की गई है. इसके तहत पुरुष और महिला दोनों ही अपना लघु उद्योग शुरू करने के लिए अधिकतम ₹10 लाख तक का लोन ले सकते हैं. खास बात यह है कि इस योजना के दायरे में 100 से ज्यादा तरह के उद्योग आते हैं जिन्हें गांव में स्थापित किया जा सकता है.

कौन कर सकता है आवेदन? 

इस योजना का लाभ लेने के लिए कुछ बुनियादी शर्तों को पूरा करना जरूरी है. आवेदक उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए. आवेदक की उम्र 18 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए. अगर आप भी इस योजना के लिए अप्लाई करना चाहते हैं तो आप आधार कार्ड और पैन कार्ड,ग्राम प्रधान द्वारा सत्यापित निवास प्रमाण पत्र तैयार रखें. इसके साथ ही आपके पास आपके बिजनेस की एक प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी होनी चाहिए.

ब्याज में भारी छूट और आवेदन का तरीका

योजना के तहत लोन पर ब्याज की दरें काफी राहत देने वाली हैं. आरक्षित वर्ग के आवेदकों के लिए पूरी ब्याज राशि सरकार वहन करेगी जबकि सामान्य वर्ग के लिए भी ब्याज उपादान (सब्सिडी) की सुविधा दी गई है. आवेदन करने के लिए आपको विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फॉर्म भरना होगा.