Lakhimpur Kheri Road Accident: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नेशनल हाईवे पर रफ्तार का ऐसा खौफनाक कहर बरपा है, जिसने कई हंसते-खेलते परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया. नेशनल हाईवे 730 (NH-730) पर एक तेज रफ्तार ट्रक और सवारियों से खचाखच भरी टाटा मैजिक गाड़ी के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 10 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस दिल दहला देने वाले हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया.
ADVERTISEMENT
ईसा नगर CHC में चल रहा घायलों का इलाज
घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और चीखें सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े. सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और आनन-फानन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. गाड़ी में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालकर तुरंत पास के ईसा नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. कई घायलों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जताया गहरा दुख
इस भीषण सड़क हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है. सीएम ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर घायलों को त्वरित और बेहतर इलाज मुहैया कराने के कड़े निर्देश दिए हैं.
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की भयावहता को देखकर हर किसी की रूह कांप उठी है. अपनों को खो चुके मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस ने मौके पर विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए सभी 10 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है. स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है.
यह भीषण हादसा एक बार फिर सड़कों पर दौड़ते वाहनों की बेलगाम रफ्तार और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े करता है. ठोस सड़क सुरक्षा नियमों का पालन और सुरक्षित ड्राइविंग ही ऐसे जानलेवा हादसों को रोक सकती है.
ADVERTISEMENT









