UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहले चरण का भूमि पूजन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है. उन्होंने बताया कि यह कदम राज्य में खेल और युवा विकास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है. सीएम योगी ने कहा कि सरकार की योजना प्रदेश के हर गांव में खेल मैदान तैयार करने की है. इसके साथ ही हर विकासखंड में मिनी स्टेडियम और प्रत्येक जिले में एक बड़ा स्टेडियम बनाया जाएगा, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें.
ADVERTISEMENT
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने बताया कि गोरखपुर में बनने वाला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा. इस स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ पार्किंग, होटल, रेस्टोरेंट और मार्केट जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी. इसके अलावा यहां एक बड़ा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाया जाएगा, जहां इंडोर गेम्स और हॉकी सहित अन्य खेलों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी. इससे खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी.
मेरठ में बन रही स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
सीएम योगी ने जानकारी दी कि मेरठ में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण भी चल रहा है और इसे इसी वर्ष के अंत तक शुरू करने की योजना है. उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को खेल शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे. मुउन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार होंगे और यह डबल इंजन सरकार की विकास योजनाओं का हिस्सा है. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि प्रदेश में एक वेटरनरी कॉलेज भी बनाया जा रहा है, जो पशु चिकित्सकों की तैयारी और शिक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.
ADVERTISEMENT









