Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर जिले में एक स्कूल वैन हादसे ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. 15 मई को चरथावल थाना क्षेत्र में बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक स्कूल वैन अचानक तेज रफ्तार बाइक से टकरा गई. इस भीषण हादसे में बाइक सवार उस्मान गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना में उसका पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि हाथ की दो उंगलियों में भी गंभीर चोट आई है. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
हादसे के बाद स्कूल वैन चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्कूल वैन एक नाबालिग युवक चला रहा था, जिसने लापरवाही से वाहन चलाते हुए इस दुर्घटना को अंजाम दिया. इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर स्कूली बच्चों की जान को इस तरह जोखिम में क्यों डाला जा रहा है. पीड़ित उस्मान और उसकी मां ने भी दावा किया है कि हादसे की वजह नाबालिग चालक की लापरवाही थी और मामले में कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए.
फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. इस घटना के बाद प्रशासन की जवाबदेही और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है. लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो ऐसी लापरवाही भविष्य में और बड़े हादसों की वजह बन सकती है.
यह भी पढ़ें: यूपी में तूफान ने तोड़े सभी रिकॉर्ड! 130 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाओं ने मचाई तबाही, 117 लोगों की चली गई जान
ADVERTISEMENT









