मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर अपने अंतिम सफर के बाद लखनऊ के बैकुंठ धाम पहुंच गया है. 38 साल के हंसते-खेलते नौजवान प्रतीक यादव की इस अचानक विदाई से पूरे यादव कुनबे सहित उत्तर प्रदेश के सियासी गलियारे में शोक की लहर है. हर किसी के मन में यह सवाल था कि प्रतीक यादव को मुखाग्नि कौन देगा? इस बेहद भावुक क्षण के बीच अपर्णा यादव के पिता और प्रतीक यादव के ससुर अरविंद सिंह बिष्ट आगे आए और उन्होंने नम आंखों से अपने दामाद को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की सभी रीतियां निभाईं.
ADVERTISEMENT
बेटियों को संभालते दिखे बड़े भाई अखिलेश यादव
बैकुंठ धाम में अपने लाडले को आखिरी विदाई देने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस दुखद घड़ी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर भारतीय जनता पार्टी के तमाम बड़े नेता और समर्थक वहां मौजूद रहे. प्रतीक यादव के बड़े सौतेले भाई और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव सीधे बैकुंठ धाम पहुंचे. वहां से सामने आईं तस्वीरें बेहद भावुक करने वाली थीं जहां अखिलेश यादव प्रतीक यादव की दोनों मासूम बेटियों को अपने पास बैठाकर संभालते हुए नजर आए. वहीं दोनों चचेरे भाई आदित्य यादव और धर्मेंद्र यादव भी इस दौरान वहां मौजूद रहे.
रोती-बिलखती नजर आईं अपर्णा यादव
पति के असमय चले जाने के गम में अपर्णा यादव का रो-रोकर बुरा हाल था. वह भीड़ के बीच बिलखती नजर आईं. बता दें कि 13 मई की सुबह जैसे ही प्रतीक यादव के निधन की खबर आई, पूरे परिवार में कोहराम मच गया था. अपर्णा यादव सीधे एयरपोर्ट से लखनऊ पहुंचीं और पति की अंतिम यात्रा में शामिल रहीं. अंतिम संस्कार के समय जब उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि की रस्में पूरी कीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ मौत की वजह का खुलासा
प्रतीक यादव के निधन की वजह भी अब साफ हो चुकी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, प्रतीक यादव की रक्त धमनियों (नसों) में खून के थक्के जमा हो गए थे. इसके कारण अचानक उनके दिल और फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उन्हें सांस लेने में गंभीर तकलीफ हुई और यही उनके निधन की मुख्य वजह बनी. हालांकि डॉक्टरों ने आगे की गहन जांच के लिए प्रतीक यादव के विसरा और दिल का कुछ हिस्सा सुरक्षित रख लिया है.
38 साल के एक फिट और युवा चेहरे का इस तरह अचानक खामोश हो जाना हर किसी को अंदर तक झकझोर गया है. सोशल मीडिया पर भी बैकुंठ धाम से आईं अंतिम संस्कार की ये तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं और लोग प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
ADVERTISEMENT









