Ghaziabad viral wedding: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक शादी का वीडियो जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है. वीडियो में शादी समारोह के दौरान खुले मंच से तेज आवाज में दूल्हे को दिए जा रहे महंगे गिफ्ट्स और करोड़ों रुपये के कैश का ऐलान किया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि यह शादी गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में 9 मई को आयोजित हुई थी, जहां दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को ₹1 करोड़ 1 लाख 11 हजार नकद, एक BMW कार और भारी मात्रा में सोना-चांदी व हीरे के गहने दिए.
ADVERTISEMENT
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. कुछ लोग इसे शाही शादी बता रहे हैं, तो कुछ इसे दहेज प्रथा को बढ़ावा देने वाला मामला बता रहे हैं.
इंदिरापुरम के रॉयल एंबियंस फार्म में हुई बताई जा रही शादी
वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि शादी गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित रॉयल एंबियंस फार्म में हुई थी. बताया जा रहा है कि दूल्हा दिल्ली के खजूरी खास इलाके के इदरीसी समाज से जुड़ा है.
वीडियो में मंच से लगातार शादी में दिए गए सामान और कैश की घोषणा की जा रही है. वहां मौजूद लोग तालियां बजाते और “माशाअल्लाह” कहते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक व्यक्ति जोर-जोर से दहेज में दिए गए सामान का ब्योरा पढ़ता दिखाई देता है.
दूल्हे को मिला ₹1 करोड़ कैश और BMW कार
वायरल वीडियो में साफ तौर पर घोषणा की जा रही है कि दूल्हे को ₹1 करोड़ 1 लाख 11 हजार नकद दिए गए हैं. इसके साथ ही एक BMW कार भी गिफ्ट की गई.
वीडियो में यह भी कहा गया कि शादी में कुल 71 कीमती सामान दिए गए, जिनमें:
11 हीरे के आइटम
42 सोने के गहने
18 चांदी की चीजें शामिल थीं.
इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी अलग-अलग महंगे गिफ्ट्स रखे गए थे. शादी समारोह में मौजूद लोग इन गिफ्ट्स की घोषणा को बड़े उत्साह के साथ सुनते नजर आए.
बिचौलिए को भी मिली स्कॉर्पियो की चाबी
इस वायरल वीडियो की सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि शादी कराने वाले बिचौलिए को भी गिफ्ट दिया गया. दावा किया गया कि उसे स्कॉर्पियो-एन गाड़ी की चाबी भेंट की गई. वीडियो में बिचौलिए को मंच पर बुलाकर चाबी सौंपते हुए देखा जा सकता है. इसी दृश्य ने सोशल मीडिया पर लोगों को सबसे ज्यादा चौंकाया.
दोनों परिवार बताए जा रहे हैं संपन्न
जानकारी के मुताबिक दुल्हन का परिवार ड्राई फ्रूट्स के कारोबार से जुड़ा हुआ है. वहीं दूल्हे के बारे में कहा जा रहा है कि वह दिल्ली अथॉरिटी में वाहनों के लाइसेंस बनाने का काम करता है.इसी वजह से लोग इस शादी को बेहद आलीशान और हाई-प्रोफाइल शादी बता रहे हैं. हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर बंटी लोगों की राय
शादी का वीडियो वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे परिवार की हैसियत और शाही अंदाज बता रहे हैं. वहीं कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि इस तरह खुलेआम करोड़ों के दहेज का प्रदर्शन समाज के लिए गलत संदेश दे सकता है.
कई लोगों ने इसे दहेज प्रथा को बढ़ावा देने वाला बताया, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि अगर दोनों परिवार अपनी इच्छा से गिफ्ट दे रहे हैं तो इसे गलत नहीं कहा जा सकता.
ADVERTISEMENT









