बाढ़ निरीक्षण करने पहुंचे SDM सुशील कुमार मिश्रा पर अचानक भीड़ ने किया पथराव, अब इसपर मायावती ने जताई नाराजगी...ये सब कहा

यूपी तक

• 04:03 PM • 09 Jun 2026

Hardoi SDM Attack: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाबाद थाना क्षेत्र में बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर भीड़ ने अचानक पथराव कर दिया, जिसमें वे घायल हो गए. मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है, जिसमें बसपा सुप्रीमो मायावती ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Google CTA

Hardoi SDM Attack: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाबाद थाना क्षेत्र में एक बेहद गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें बाढ़ राहत और निरीक्षण के दौरान पहुंचे एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा पर भीड़ ने अचानक पथराव कर दिया. इस हमले में एसडीएम के सिर में चोट लग गई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और मामला अब राजनीतिक रूप भी ले चुका है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं.

यह भी देखें...

कैसे शुरू हुआ पूरा मामला

यह पूरा मामला हरदोई के शाबाद थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बड़ी संख्या में लोग एक सरकारी वाहन के पीछे दौड़ते नजर आते हैं. आरोप है कि इसी भीड़ ने एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा और उनकी टीम पर हमला कर दिया.

एसडीएम बाढ़ राहत और बचाव कार्यों की तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए परियल गांव पहुंचे थे. इसी दौरान अन्नपूर्णा भवन और आरआरसी सेंटर में खामियां मिलने पर उन्होंने ग्राम प्रधान पक्ष के एक सदस्य उदयवीर राजपूत से जानकारी मांगी. इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई.

बातचीत से शुरू हुआ विवाद, फिर बढ़ा तनाव

जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पक्ष के उदयवीर राजपूत से जब अधिकारियों ने सवाल किए तो मामला बिगड़ गया. आरोप है कि बातचीत के दौरान बदसलूकी और बहस शुरू हो गई, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई. कुछ ही देर में गांव के लोगों की भारी भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और प्रशासनिक टीम को घेर लिया.

पथराव में घायल हुए एसडीएम

भीड़ ने अचानक सरकारी टीम पर हमला बोल दिया. इस दौरान एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा के सिर पर पत्थर लग गया और वह घायल हो गए. सरकारी वाहन पर भी जमकर पथराव किया गया. वीडियो में डंडे और पत्थर चलते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं. कुछ महिलाएं भी इस दौरान विवाद में शामिल दिखाई दीं.

इलाज और स्थिति

घटना के बाद घायल एसडीएम को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. उन्होंने बताया कि भीड़ में लगभग 100 से अधिक लोग शामिल थे और अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई. एसडीएम ने कहा कि निरीक्षण के दौरान जब वह टीम के साथ आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से पत्थर फेंका गया जो उनके सिर पर लगा. इसके बाद वाहन पर भी कई पत्थर बरसाए गए.

मायावती का बड़ा बयान आया सामने 

इस घटना के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि सरकारी निरीक्षण के दौरान इस तरह का हमला प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि प्रशासनिक कार्यों में बाधा न आए और प्रदेश में अराजकता न फैले. जानकारी के मुताबिक, यह विवाद ग्राम प्रधान और उनके परिवार से जुड़े लोगों के साथ हुई बातचीत के बाद बढ़ा.