फिरोजाबाद के टूंडला रेलवे स्टेशन पर पूर्वा एक्सप्रेस के पास ड्यूटी पर तैनात रेलवे पुलिस के जवानों के साथ अभद्रता और मारपीट की सनसनीखेज वारदात हुई है. कानून को हाथ में लेने वाले दो युवकों ने पुलिसकर्मियों के साथ न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उन पर हमला कर वर्दी का अपमान भी किया. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया है.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 30 मार्च 2026 की है. आरोपी गुलबहार और संजय यादव जनरल बोगी का टिकट लेकर एसी फर्स्ट क्लास (AC 1st) कोच में जबरन प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे. जब वहां मौजूद पुलिसकर्मी मनोज कुमार और इमरान मलिक ने उन्हें नियमों का हवाला देते हुए बाहर जाने को कहा, तो दोनों युवक आगबबूला हो गए और पुलिसकर्मियों से उलझ पड़े.
चप्पल से हमला और वर्दी की तौहीन
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी. इस दौरान उन्होंने सिपाही की नेम प्लेट तोड़ दी और चप्पलों से हमला कर दिया. हद तो तब हो गई जब आरोपी खुद ही पुलिस वालों का वीडियो बनाकर उन्हें डराने-धमकाने लगे. हालांकि, यही वीडियो अब उनकी बदसलूकी का सबसे बड़ा सबूत बन गया है जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी
ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर हमला और कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने गुलबहार और संजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है. रेलवे प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और अनुशासन से समझौता करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.
ADVERTISEMENT









