IPS KK Vishnoi Wedding Reception: राजस्थान की रेतीली धरती और जोधपुर के लारिया रिसॉर्ट में 30 मार्च की रात एक यादगार शाम में तब्दील हो गई. यूपी पुलिस के 'पावर कपल' आईपीएस केके विश्नोई और आईपीएस अंशिका वर्मा के रिसेप्शन में दिग्गजों का जमावड़ा लगा. लेकिन महफिल तब लूट ली, जब फिरोजाबाद के एएसपी और अपनी दबंगई के लिए मशहूर अनुज चौधरी ने 'डैशिंग' एंट्री मारी.
ADVERTISEMENT
सफेद कोट-पैंट, ब्लैक शर्ट और चेहरे पर चिर-परिचित मुस्कान लिए जब फिरोजाबाद के एएसपी अनुज चौधरी स्टेज पर पहुंचे, तो सबकी नजरें उन पर टिक गईं. अक्सर अपने बयानों और बेबाक अंदाज के लिए सुर्खियों में रहने वाले अनुज चौधरी को देखते ही दूल्हे राजा केके विश्नोई के चेहरे पर चमक आ गई. दोनों अधिकारियों की गहरी दोस्ती जगजाहिर है. अनुज चौधरी ने बुके भेंट कर जोड़े को आशीर्वाद दिया, जिसके बाद केके विश्नोई अपनी नई नवेली दुल्हनिया अंशिका से उनका परिचय कराते नजर आए.
राजस्थानी पोशाक में 'रॉयल' दिखा जोड़ा
रिसेप्शन में खाकी वर्दी की जगह राजस्थानी संस्कृति का रंग घुला हुआ था. एएसपी अंशिका वर्मा पारंपरिक राजपूती पोशाक, ओढ़नी और गहनों में किसी राजकुमारी से कम नहीं लग रही थीं. वहीं, एसपी केके विश्नोई ने भी डार्क कलर की शाही शेरवानी और सिर पर राजस्थानी पगड़ी पहनकर 'बींद' (दूल्हा) के रूप में सबका दिल जीत लिया.
नेताओं और अफसरों का महाकुंभ
इस हाई-प्रोफाइल शादी में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और छत्तीसगढ़ के आला अधिकारियों के साथ-साथ कई राजनीतिक हस्तियां भी पहुंचीं. यूपी सरकार के मंत्री धर्मवीर प्रजापति, सपा विधायक इकबाल महमूद, पिंकी यादव, राम खिलाड़ी यादव और बीजेपी के कैसर अब्बास सहित कई दिग्गजों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई. स्टेज पर फोटो खिंचवाने और शुभकामनाएं देने के लिए मेहमानों की लंबी कतारें लगी रहीं.
गोरखपुर से शुरू हुआ था 'ड्यूटी वाला प्यार'
इस सुनहरी प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2023 में गोरखपुर से हुई थी. तब केके विश्नोई वहां सिटी एसपी थे और अंशिका ट्रेनिंग पर तैनात थीं. साथ काम करते हुए दोनों की मेहनत और जज्बा एक हुआ और धीरे-धीरे दिल भी एक हो गए. ड्यूटी का यह साथ अब उम्र भर के साथ में बदल चुका है.
ADVERTISEMENT









