पश्चिम उत्तर प्रदेश के विकास और कनेक्टिविटी के इतिहास में आज का दिन सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौतमबुद्ध नगर के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का भव्य उद्घाटन कर दिया है. इस ऐतिहासिक अवसर पर स्थानीय विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह और भारी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान की तैयारी, अप्रैल अंत तक शुरू होगी सेवा
जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई सफर का सपना अप्रैल के अंत तक सच होने वाला है. एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, शुरुआती चरण में यहां से 10 प्रमुख शहरों (मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, लखनऊ, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा और जयपुर) के लिए सीधी घरेलू और कार्गो उड़ानें शुरू की जाएंगी. आने वाले समय में इस नेटवर्क को विस्तार देकर कुल 65 शहरों तक पहुंचाने का लक्ष्य है. इस सेवा के शुरू होने से दिल्ली एयरपोर्ट का दबाव कम होगा और पश्चिमी यूपी के विकास को नई रफ्तार मिलेगी.
कनेक्टिविटी का नया अध्याय और रोजगार की उम्मीद
लगभग 3 किलोमीटर से अधिक लंबे रनवे वाला यह एयरपोर्ट न केवल नोएडा और एनसीआर, बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल देगा. उद्घाटन के दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्रदान करने का भरोसा दिलाया. इस परियोजना से दिल्ली और आसपास के इलाकों की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह है.
किसानों का त्याग और सरकार का आश्वासन
जेवर के किसानों ने इस महापरियोजना के लिए अपनी जमीनों का अधिग्रहण कर राष्ट्र निर्माण में बड़ा योगदान दिया है. ग्रामीणों ने इस विकास कार्य के लिए प्रधानमंत्री और राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया. साथ ही, स्थानीय लोगों ने उचित मुआवजे और बेहतर सुविधाओं की मांग को भी दोहराया, जिस पर सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए ध्यान देने का आश्वासन दिया है.
उद्घाटन समारोह केवल प्रशासनिक आयोजन नहीं, बल्कि एक उत्सव जैसा नजर आया. इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें प्रसिद्ध धार्मिक गायक हेमंत ब्रजवासी की प्रस्तुति ने समां बांध दिया. स्थानीय लोगों की खुशी और उत्साह इस बात का प्रमाण था कि वे इस एयरपोर्ट को क्षेत्र की प्रगति के लिए 'मील का पत्थर' मान रहे हैं.
2027 के चुनाव पर असर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट का यह उद्घाटन आने वाले विधानसभा चुनावों में गेम-चेंजर साबित हो सकता है. जनता ने इस विकास परियोजना को सकारात्मक बदलाव के रूप में लिया है, जिससे क्षेत्र के सियासी समीकरण भी बदल सकते हैं.
ADVERTISEMENT









