UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को लेकर एक विस्तृत लेख लिखा है, जिसमें उन्होंने देश में हुए विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख किया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि साल 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुई परिवर्तन यात्रा ने देश को भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और प्रशासनिक जड़ता जैसी समस्याओं से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने ‘मिनिमम गवर्नमेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ की नीति और 5T मॉडल (Tradition, Talent, Tourism, Trade और Technology) को परिवर्तन का आधार बताया. साथ ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाने को बड़ी उपलब्धि माना. योगी ने राम मंदिर निर्माण, सांस्कृतिक पुनर्जागरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और भारत की वैश्विक छवि को मजबूत बनाने में मोदी सरकार की भूमिका को भी अहम बताया.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने अपने लेख में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया है. उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था में सुधार, बेहतर बुनियादी ढांचे, एक्सप्रेसवे, निवेश और बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर तैयार होने को डबल इंजन सरकार की सफलता बताया. योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े अनुशासित जीवन और समर्पित नेतृत्व की भी चर्चा की. इसके अलावा नक्सल मुक्त भारत की दिशा में प्रयास, रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता, चंद्रयान जैसे वैज्ञानिक अभियानों की सफलता को भारत की बढ़ती ताकत का प्रतीक बताया. कांग्रेस से जुड़े राजनीतिक सवालों पर भी उन्होंने अपनी राय रखते हुए उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर अपना दृष्टिकोण साझा किया.
योगी आदित्यनाथ ने अपने लेख में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व ने सरकार को केवल सत्ता संचालन तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम बनाया है. उन्होंने बताया कि 5 जून से 21 जून तक उत्तर प्रदेश में विकास, सेवा और जनकल्याण को समर्पित जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य केवल उपलब्धियों का प्रचार नहीं बल्कि जनता की भागीदारी सुनिश्चित करना भी है. योगी ने इस लेख को भारत के विकास, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय सुरक्षा के नए दौर की झलक बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है. साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश को देश का “विकास इंजन” बनाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि यह लेख प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों, भविष्य की योजनाओं और राष्ट्र निर्माण के विजन को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है.
ADVERTISEMENT









