'IITian बाबा' के नाम से मशहूर अभय सिंह ने महाशिवरात्रि पर विवाह कर लिया है. हिमाचल प्रदेश के एक प्राचीन महादेव मंदिर में उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ बेंगलुरु की रहने वाली प्रीतिका के साथ सात फेरे लिए. आध्यात्मिक मर्यादाओं के बीच हुई इस शादी के बाद जोड़े ने कानूनी तौर पर कोर्ट मैरिज भी संपन्न की है.
ADVERTISEMENT
महाकुंभ में शुरू हुई थी लव स्टोरी
अभय सिंह और प्रीतिका की पहली मुलाकात साल 2025 में प्रयागराज के महाकुंभ के दौरान हुई थी. अभय सिंह के अनुसार, यह विवाह केवल एक सामाजिक बंधन नहीं, बल्कि उनके 'आध्यात्मिक कर्म' को पूरा करने की परंपरा का एक अनिवार्य हिस्सा है. इंजीनियरिंग के सफल करियर को त्यागकर वैराग्य और धर्म की राह चुनने वाले अभय के लिए यह जीवन की एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत है.
श्री यूनिवर्सिटी का संकल्प, साथ मिलकर करेंगे स्थापना
शादी के बाद इस दंपत्ति का लक्ष्य केवल गृहस्थ जीवन तक सीमित नहीं है. अभय सिंह ने अपनी भविष्य की योजनाओं का खुलासा करते हुए बताया कि वह अपनी पत्नी प्रीतिका के साथ मिलकर 'श्री यूनिवर्सिटी' (Shri University) की स्थापना करेंगे. यह संस्थान विशेष रूप से आध्यात्मिक शोध, प्राचीन साधना पद्धतियों और ज्ञान-विज्ञान के समन्वय के लिए समर्पित होगा, जहाँ लोग आधुनिकता के साथ-साथ अपनी जड़ों से जुड़ सकेंगे.
आधुनिकता और सनातन का अनूठा मेल
IIT से शिक्षा प्राप्त अभय सिंह का उद्देश्य देश में आध्यात्मिकता को एक नए और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ लोकप्रिय बनाना है. उनका मानना है कि धर्म और आधुनिक शिक्षा एक-दूसरे के पूरक हैं. विवाह के इस निर्णय को उन्होंने अपने कर्मों की पूर्णता बताया है. अब वह अपने जीवनसाथी के साथ मिलकर समाज को आध्यात्मिक मार्ग पर ले जाने के अपने मिशन को और गति देंगे.
ADVERTISEMENT









