UP News: बच्चों से श्रम कराने के वायरल वीडियो पर बोले सीएम योगी; कहा- 'शिक्षकों पर सवाल उठाना गलत, वे बच्चों को कर्मठ बना रहे'

UP News: बच्चों से काम कराने के सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पर सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया. शिक्षकों का किया बचाव, कहा- बच्चों को आत्मनिर्भर और संस्कारी बना रहे हैं गुरु.

यूपी तक

• 04:34 PM • 18 May 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बच्चों से काम कराए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. सीएम योगी ने इस मामले में शिक्षकों का पुरजोर समर्थन करते हुए साफ कहा है कि इस तरह की चीजों के लिए शिक्षकों को कटघरे में खड़ा करना या उन्हें दोषी मानना बिल्कुल गलत है, बल्कि उनके इस प्रयास की सराहना की जानी चाहिए.

यह भी पढ़ें...

'मेहनत और काम करना संस्कार का हिस्सा'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो लोग वीडियो देखकर शिक्षकों पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह समझने की जरूरत है कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं होती. बच्चे स्कूल में किताबी ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, श्रम (मेहनत) और आत्मनिर्भरता के गुण भी सीख रहे हैं. बच्चों द्वारा की जाने वाली इस मेहनत को किसी नकारात्मक दृष्टिकोण से नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि समाज को इसका सम्मान करना चाहिए.

शिक्षकों को परेशान करने की बजाय बढ़ाएं हिम्मत

सीएम योगी ने कड़े शब्दों में कहा कि शिक्षक हमारे देश की भविष्य की पीढ़ी का निर्माण कर रहे हैं. ऐसे में तुच्छ मानसिकता के साथ शिक्षकों को परेशान करने या उन पर उंगली उठाने के बजाय उनकी हिम्मत बढ़ानी चाहिए.

आत्मनिर्भर बनेंगे बच्चे: मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि इस तरह के व्यावहारिक ज्ञान और मेहनत से ही बच्चे आगे चलकर तेज, निपुण और आत्मनिर्भर बनेंगे. उनमें समाज में अच्छे और बुरे का अंतर समझने की सही क्षमता विकसित होगी.

बेहतर काम करने वाले शिक्षकों को सम्मानित करेगी सरकार

मुख्यमंत्री ने साफ किया कि विपरीत परिस्थितियों में भी बच्चों के भीतर राष्ट्र निर्माण और मेहनत की भावना जगाने वाले ऐसे कर्मठ शिक्षकों को सम्मानित करना सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है. इस बयान के जरिए सीएम योगी ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि समाज में शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना बढ़नी चाहिए और बच्चों को केवल किताबी कीड़ा बनाने के बजाय उन्हें एक बेहतर और मजबूत भविष्य के लिए तैयार किया जाना चाहिए.