उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक एक 18 साल के युवक के लिए काल बन गया. हाथ में अवैध तमंचा लेकर वीडियो शूट करने के दौरान अचानक हुई फायरिंग में युवक की जान चली गई. घटना का पूरा मंजर कैमरे में कैद हो गया, जो अब पुलिस के लिए जांच का मुख्य आधार है.
ADVERTISEMENT
लखीमपुर खीरी के थाना सदर कोतवाली इलाके के सुआगड़ा मोहल्ले का रहने वाला 18 वर्षीय अंश अपने दोस्तों के साथ एक मैदान में रील बनाने गया था. वीडियो के सेटअप में अंश हाथ में नाजायज तमंचा लेकर उसे लोड कर रहा था, ताकि सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर सके. जैसे ही वह तमंचा लोड करने लगा, अचानक उससे मिसफायर हो गया और गोली सीधे उसके पेट में जा लगी. वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि गोली लगते ही अंश झटके से नीचे गिर पड़ता है और दर्द से तड़पते हुए चिल्लाता है कि "पेट में लग गई भाई".
दोस्तों की लापरवाही और लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत
हादसे के बाद घबराए दोस्त अंश को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया. दुर्भाग्यवश, लखनऊ पहुँचने से पहले ही रास्ते में अंश ने दम तोड़ दिया. इस मामले में परिजनों ने दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक के पिता अनिल कुमार झा के मुताबिक, शुरुआत में दोस्तों ने सही जानकारी नहीं दी और परिजनों को बताया कि अंश को केवल मामूली चोट लगी है. लखीमपुर में प्राथमिक इलाज के दौरान भी असलियत छिपाई गई, लेकिन जब लखनऊ में एक्सरे हुआ, तब पेट में गोली होने की पुष्टि हुई.
पुलिसिया कार्रवाई और परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है. शुरुआती जांच में यह पाया गया है कि गोली अंश को खुद के ही हाथ से चली गोली से लगी थी. पुलिस अब वायरल वीडियो को साक्ष्य मानकर कानूनी कार्यवाही आगे बढ़ा रही है. परिजनों का आरोप है कि यदि दोस्तों ने समय पर सही जानकारी दी होती और इलाज में लापरवाही न बरती होती, तो शायद अंश की जान बचाई जा सकती थी.
ADVERTISEMENT









