बाहुबली मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर से सुभासपा विधायक अब्बास अंसारी को माननीय सर्वोच्च न्यायालय से बिना शर्त जमानत मिलने के बाद वे लंबे समय बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छंद रूप से घूम रहे हैं. कड़े अदालती प्रतिबंधों के हटने के बाद पिछले कई दिनों से अब्बास मऊ की जनता के बीच हैं. इसी कड़ी में वे परदहा ब्लॉक के इटौरा गांव में अपनी विधायक निधि से बनी एक इंटरलॉकिंग सड़क का उद्घाटन करने पहुंचे जहां उनके साथ समाजवादी पार्टी (सपा) के जिला अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष समेत तमाम बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. यूपी Tak' से एक्सक्लूसिव बातचीत में अब्बास अंसारी ने भावुक होते हुए कहा कि जब तक उनके शरीर में खून की एक भी बूंद और सांसें बाकी हैं, वे अपनी आवाम के मान-सम्मान की हिफाजत करेंगे. वहीं 2027 के चुनाव को लेकर उन्होंने समाजवादी पार्टी और सोशल मीडिया पर चर्चित 'कॉकरोच जनता पार्टी' को लेकर भी खुलकर बात की.
ADVERTISEMENT
"चेहरे की मुस्कान और जनता का प्यार बयां कर रहा मेरा अहसास"
लंबे अंतराल के बाद बिना किसी अदालती रोक-टोक के क्षेत्र में भ्रमण करने के सवाल पर अब्बास अंसारी ने भावुक चेहरे के साथ कहा 'अगर इस अहसास को बयां करने के लिए डिक्शनरी में कोई लफ्ज हो, तो आप ही बता दीजिए. मुझे नहीं लगता कि इसके लिए कोई शब्द बना है. मेरे चेहरे की ये मुस्कान और इस कड़कती धूप में इन लोगों का उमड़ा प्यार देखकर आप खुद समझ लीजिए कि मुझे और मऊ की इस जनता को कैसा लग रहा होगा. बहुत दिनों बाद उनके विधायक को उनके बीच आने की परमिशन मिली है तो जनता ने प्यार और आशीर्वाद देने का यह बहाना ढूंढ निकाला.'
जब उनसे पूछा गया कि बाहर आते ही उन्होंने सबसे पहले जिले के एसपी-डीएम से मुलाकात की तो विधायक ने साफ किया कि लॉ एंड ऑर्डर की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है. सुप्रीम कोर्ट का जो भी आदेश था वे स्वयं अधिकारियों के हाथ में देने गए थे ताकि मीडिया या सोशल मीडिया के जरिए कोई 'मिसकम्युनिकेशन' या सस्पेंस क्रिएट न हो.
2027 का चुनाव: "टिकट का फैसला अखिलेश यादव करेंगे, सिंबल मिला तो कॉकरोच पार्टी से लड़ लेंगे"
अब्बास अंसारी पिछले कुछ दिनों से लगातार समाजवादी पार्टी के दफ्तर और उनके नेताओं के कार्यक्रमों में नजर आ रहे हैं. जब 'UP Tak' ने सीधा सवाल किया कि क्या 2027 में वे सपा के सिंबल पर चुनाव लड़ेंगे तो अब्बास अंसारी ने कहा कि 'अभी तो फिलहाल 2027 बहुत दूर है. अभी मेरी सिर्फ एक ही कार्ययोजना है कि अपनी विकास निधि से जनता के छोटे-मोटे रुके हुए काम पूरे करा सकूं. रही बात चुनाव की तो आजकल तो सोशल मीडिया पर 'कॉकरोच पार्टी' की बड़ी चर्चा चल रही है. अगर उसको कोई सिंबल मिल गया तो उसी से चुनाव लड़ लिया जाएगा यार और रही बात समाजवादी पार्टी की, तो अगर 2027 में सपा मुझे उम्मीदवार बनाती है या टिकट देती है, तो इस बारे में सिर्फ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी ही बता सकते हैं. मैं इस पर उत्तर देने के लिए अधिकृत नहीं हूं.'
"जब तक सांसें चल रही हैं, आवाम के सुख-दुख में खड़ा रहूंगा"
अदालत से मिली इस खुली छूट और अपने भविष्य को लेकर अब्बास अंसारी ने मऊ की जनता के सामने एक बड़ा और भावुक संकल्प लिया. उन्होंने कहा 'मैं सिर्फ इतना कहूंगा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने मेरी और मेरी आवाम की कठिनाइयों को समझा और मुझे राहत दी. कोर्ट ने कहा है कि आप अपने लोगों के बीच जा सकते हैं, बशर्ते कोई ऐसा काम न करें जो कानून की नजर में अपराध हो. मैंने कभी कोई अपराध किया भी नहीं है, जो आगे भी कोर्ट में साबित हो जाएगा. मऊ की जनता के बीच मैं लगातार बना रहूंगा. आज या कल की छोड़िए, इस शरीर में जब तक खून की एक भी बूंद है और जब तक मेरी सांसें चल रही हैं, मैं अपनी आवाम, अपने लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़ा रहूंगा और उनकी इज्जत, आबरू और मान-सम्मान की हिफाजत करूंगा.'
ADVERTISEMENT









