आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डंपर से टकराई डबल डेकर बस बनी आग का गोला, एक साथ इतने लोगों की चली गई जान

Agra Lucknow Expressway accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद के पास एक प्राइवेट डबल डेकर बस डंपर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई. इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक यात्री सवार थे. कई यात्री घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यूपी तक

• 09:53 AM • 22 May 2026

follow google news

Agra Lucknow Expressway accident: शुक्रवार तड़के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद के मटसेना थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया. खंबा नंबर 46 के पास कानपुर से गुरुग्राम (दिल्ली) जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर बस अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई. इस हादसे में बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और कुछ ही पलों में पूरा माहौल भयावह हो गया.

यह भी पढ़ें...

डंपर पलटने से हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर आगे एक डंपर पलटा हुआ था. उसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही बस अचानक उससे टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा भिड़ी और फिर उसमें आग लग गई. कुछ ही मिनटों में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई और एक “आग का गोला” बन गई. बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश यात्री उस समय गहरी नींद में थे.

चीख-पुकार और जान बचाने की जद्दोजहद

हादसे के बाद बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई. यात्रियों ने बताया कि अचानक लोगों की चीखें सुनकर वे जागे और खुद को आग और धुएं से घिरा पाया. कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और पीछे के इमरजेंसी गेट से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कई यात्रियों ने एक-दूसरे की मदद करते हुए महिलाओं और अन्य यात्रियों को बाहर निकाला. घायलों का कहना है कि आग और धुएं के कारण बस के अंदर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था.

ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर मौत

इस दर्दनाक हादसे में बस के ड्राइवर और कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, करीब डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं. नगर प्रशासन के अनुसार लगभग 20 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनमें से 5 को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज और 15 घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

राहत-बचाव कार्य में जुटी टीमें

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं. स्थानीय लोगों और राहगीरों ने भी बचाव कार्य में मदद की. घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया. प्रशासन ने मौके पर हालात को नियंत्रित किया और जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें: यूपी पुलिस दरोगा भर्ती में बड़ा झटका! भर्ती बोर्ड के जवाब से अभ्यर्थी नाराज, स्कोर कार्ड को लेकर सोशल मीडिया पर मचा बवाल...