कौन-कौन था संभल के नरेश यादव और उनके बेटे भीमसेन हत्याकांड में शामिल? उनमें से एक गोलीबारी में पुलिस के हाथ चढ़ा

UP News: संभल में लूट के बाद पिता-पुत्र की हत्या कर दी गई थी. मामले में शामिल 3 बदमाशों की पुलिस को तलाश थी. अब इसी केस में पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया है.

UP News

अभिनव माथुर

15 Apr 2026 (अपडेटेड: 15 Apr 2026, 11:51 AM)

follow google news

UP News:  यूपी के संभल में पिता-पुत्र की मैक्स पिकअप गाड़ी लूटने और उसके बाद दोनों की हत्या कर, शव को शामली में फेंकने वाले बदमाशों में शामिल एक बदमाश पुलिस के हाथ लग गया है. संभल पुलिस को कई दिनों से इन हत्यारे बदमाशों की तलाश थी. मगर अब लूट-हत्याकांड में शामिल एक बदमाश का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

नरेश यादव-बेटे भीमसेन की कर दी थी हत्या

दरअसल ये पूरा मामला संभल के धनारी थाना इलाके में स्थित भिरावटी गांव से सामने आया था. यहां रहने वाले नरेश यादव और उनके बेटे भीमसेन की लूट के बाद हत्या कर दी गई थी. उनकी गाड़ी को टैक्सी बुकिंग के नाम पर ले जाकर, पिता-बेटे को मार दिया गया था. फिर दोनों के शव को शामली जिले में फेंक दिया गया था. 

संभल पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर शव को संभल से 200 किलोमीटर दूर एक खेत से बरामद किया था.

कौन-कौन थे कांड में शामिल?

पुलिस जांच में सामने आया था कि इस लूट और डबल मर्डर केस में 2 भाइयों समेत 3 आरोपी शामिल थे. मामले में शामिल मनोज को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी थी. मगर घटना का मास्टरमाइंड अरविंद और उसका भाई संतोष लगातार फरार चल रहे थे. 

फरार हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की आधा दर्जन टीम लगातार प्रयास कर रही थी. इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली की अरविंद इलाके में हैं. इसके बाद पुलिस ने धनारी थाने के टिकटा रोड पर उसकी घेराबंदी कर दी. तभी बाइक सवार अरविंद और पुलिस का आमना-सामना हो गया. जब पुलिस ने उसका पीछा किया तो अरविंद ने फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस फायरिंग में उसके दोनों पैरो में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने बदमाश अरविंद को अस्पताल में भर्ती करवाया. अब पुलिस तीसरे फरार बदमाश की तलाश में जुट गई है.

पुलिस ने ये बताया

इस मामले को लेकर (एएसपी दक्षिणी) मनोज रावत ने बताया, पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगा. उसका पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में उसके गोली लगी. आरोपी का नाम अरविंद है. पिता-बेटे डबल मर्डर केस में आरोपी फरार चल रहा था. उसके ऊपर 1 लाख का इनाम था. आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.