खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग करने वाले दोनों गार्ड्स की पूरी पहचान आ गई सामने, यूपी के इन दो जिलों से है इनका नाता

पटना फायरिंग मामले में खान सर की मुश्किलें बढ़ गई हैं. वायरल वीडियो के बाद दर्ज एफआईआर में उनके दो गार्ड्स प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह की पहचान सामने आई है. पुलिस जांच में दोनों ने फायरिंग को लेकर अहम खुलासे किए हैं.

Khan Sir Guards

Khan Sir Guards

यूपी तक

• 03:53 PM • 05 Jun 2026

follow google news

खान ग्लोबल स्टडीज' के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं.  खान सर की कोचिंग के बाहर वायरल फायरिंग वीडियो की जांच के बाद पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. इसके अलावा उन दो गार्ड्स पर भी FIR दर्ज हुई जिनका कोचिंग के बाहर फायरिंग करने का वीडियो  वायरल हुआ था. इस बीच खान सर के दोनों गार्ड्स की पूरी पहचान सामने आ गई है.

यह भी पढ़ें...

कौन हैं ये दोनों गार्ड्स

इस फायरिंग कांड के बाद से चर्चा में आए दोनों गार्ड्स यूपी के रहने वाले हैं. प्रदीप कुमार नाम का एक गार्ड मैनपुरी का रहने वाला है जिसकी उम्र 38 साल बताई जा रही है. वहीं दूसरे गार्ड की पहचान 34 साल के तालेबर सिंह के रूप में हुई है. सामने आई जानकारी के मुताबिक, तालेबर सिंह यूपी के काशगंज जिले का रहने वाला है. इन दोनों गार्ड्स को खान सर ने अपनी सुरक्षा के लिए नोएडा की एक नामी सिक्योरिटी एजेंसी से कुल 17 गार्ड्स हायर किए थे. गिरफ्तार किए गए दोनों गार्ड्स ने यह कबूल किया है कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोलियां चलाई थीं.  

 क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद 2 जून की रात का है जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित तौर पर हमला हुआ था जिसमें उनके एक गार्ड के साथ मारपीट की गई थी. इस मामले में रोशन आनंद नाम के व्यक्ति पर आरोप लगा और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हो गया. इस नए वीडियो में खान सर के ही गार्ड्स दनादन गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे थे. FSL जांच के लिए गार्ड्स के हथियार भेजने और कड़ाई से हुई पूछताछ के बाद पटना के कदमकुआं थाने में पुलिस ने खुद अपनी तरफ से शिकायत दर्ज की है. इस शिकायत में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है. सूत्रों की मानें तो पुलिस अब खान सर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.