Faisal Khan latest news: बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भाई और अभिनेता फैसल खान इन दिनों अपने पैतृक गांव हरदोई पहुंचे हुए हैं. वहां से उनकी एक बेहद भावुक तस्वीर सामने आई है, जहां वो किसी फिल्म के प्रमोशन के लिए नहीं, बल्कि एक लाचार परिवार की मदद के लिए मीडिया के सामने आए. फैसल खान ने लखनऊ से लापता एक बुजुर्ग महिला को ढूंढने के लिए देश और प्रदेश की जनता से इंसानियत के नाते मदद की गुहार लगाई है.
ADVERTISEMENT
दरअसल, हरदोई की शाहाबाद तहसील में तैनात तहसीलदार संध्या यादव की 71 वर्षीय मां लल्ली देवी बीते 30 अप्रैल से लापता हैं. पूरा परिवार पिछले कई दिनों से अपनी मां की तलाश में दर-दर भटक रहा है. जब इस बात की जानकारी अभिनेता फैसल खान को हुई, तो उन्होंने इस बेबस परिवार की मदद करने का फैसला किया और एक वीडियो संदेश जारी किया.
'इंसानियत के नाते आगे आया हूं' - फैसल खान
अभिनेता फैसल खान ने कहा कि जब मैं अपने गांव पहुंचा तो मेरी मुलाकात हमारी तहसील की तहसीलदार संध्या यादव जी से हुई. उन्होंने बताया कि उनकी माता जी लखनऊ के अर्जुनगंज से गायब हो गई हैं और उनकी याददाश्त थोड़ी कमजोर है. मुझे लगा कि इंसानियत के नाते मुझे उनकी मदद जरूर करनी चाहिए. मैं सबसे गुजारिश करूंगा कि माता जी की फोटो और उनके हाथ पर गुदे नाम को अच्छी तरह देख लें और कोई भी जानकारी मिलने पर परिवार से संपर्क करें.
रोते हुए तहसीलदार बेटी ने बताईं मां की ये निशानियां
लापता बुजुर्ग महिला की बेटी और तहसीलदार संध्या यादव ने हाथ जोड़कर भावुक अपील की है. उन्होंने बताया कि उनकी मां 30 अप्रैल 2026 को रात 11 बजे लखनऊ के अर्जुनगंज (अहिरामऊ क्षेत्र) में आखिरी बार देखी गई थीं. वह मंदिर के लिए निकली थीं, लेकिन याददाश्त कमजोर होने के कारण रास्ता भटक गईं.
ADVERTISEMENT










