कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट से लेकर ब्रेन सर्जरी तक...यूपी सरकार की इस योजना से आसानी से मिलेगा फ्री इलाज, जानें A-Z पूरा तरीका

UP Serious Illness Support Scheme: उत्तर प्रदेश की गंभीर बीमारी सहायता योजना आयुष्मान कार्ड न होने पर भी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत देती है.14 गंभीर बीमारियों के इलाज, सर्जरी और ट्रांसप्लांट का खर्च सरकार उठाती है. आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किया जा सकता है.

UP Government Scheme

UP Government Scheme, UP Serious Illness Support Scheme:

दीक्षा सिंह

• 01:38 PM • 05 Jun 2026

follow google news

UP Serious Illness Support Scheme: आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है. लेकिन सख्त पात्रता नियमों के कारण कई जरूरतमंद लोग इस योजना का लाभ नहीं ले पाते हैं. अगर आप भी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और आपके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है तो बिल्कुल परेशान न हों. यूपी सरकार की 'गंभीर बीमारी सहायता योजना' आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है. खास बात यह है कि इस योजना का लाभ लेने के लिए आपको बीपीएल या अंत्योदय कार्ड की भी जरूरत नहीं है. आइए जानते हैं इस योजना के फायदे, पात्रता और आवेदन का पूरा तरीका.

यह भी पढ़ें...

क्या है यूपी की गंभीर बीमारी सहायता योजना?

उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UPBOCWWB) द्वारा राज्य के निर्माण श्रमिकों के लिए यह खास योजना चलाई जा रही है. यह योजना उन मजदूरों और उनके परिवारों के लिए है जो आयुष्मान भारत योजना की शर्तों को पूरा नहीं कर पाते हैं. अगर किसी रजिस्टर्ड श्रमिक या उसके परिवार का सरकारी या पैनल में शामिल प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा है तो सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च उठाती है.

योजना के सबसे बड़े फायदे 

  • इस योजना के तहत इलाज के लिए कोई अधिकतम सीमा तय नहीं है. गंभीर बीमारी में जितना खर्च आएगा, सरकार मदद करेगी.
  • अगर अस्पताल किसी बड़ी सर्जरी या इलाज की योजना बनाता है तो सरकार एडवांस में भी पैसा देती है.
  • अस्पताल के बिलों का भुगतान आयुष्मान योजना की रेट लिस्ट के हिसाब से सीधे किया जाता है.

इन 14 गंभीर बीमारियों का होगा मुफ्त इलाज

इस योजना के तहत कई गंभीर बीमारियों और सर्जरियों को कवर किया जाता है. 

  • दिल की सर्जरी 
  • किडनी ट्रांसप्लांट
  • लिवर ट्रांसप्लांट
  • ब्रेन सर्जरी
  • घुटने बदलवाना 
  • कैंसर का इलाज
  • HIV AIDS का इलाज
  • आंखों की सर्जरी
  • पथरी की सर्जरी
  • अपेंडिक्स की सर्जरी
  • हाइड्रोसिल सर्जरी
  • स्तन कैंसर की सर्जरी
  • सर्विकल कैंसर की सर्जरी
  • आयुष्मान भारत योजना के हेल्थ पैकेज में आने वाली अन्य सभी बीमारियां

कौन उठा सकता है लाभ?

  • आवेदक उत्तर प्रदेश के श्रम विभाग में पंजीकृत निर्माण श्रमिक होना चाहिए.
  • जो लोग पहले से आयुष्मान भारत योजना या मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ ले रहे हैं वे इसके पात्र नहीं होंगे.
  • योजना का लाभ श्रमिक, उसकी पत्नी/पति, माता-पिता, अविवाहित बेटी और 21 वर्ष से कम उम्र के बेटे को मिलेगा.

ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?

स्टेप 1: सबसे पहले UPBOCWWB के ऑफिशियल पोर्टल पर जाएं और लॉगिन करें. स्क्रीन पर खुले फॉर्म में अपना पंजीकरण नंबर (Registration Number) दर्ज करें. इसके बाद अपना मंडल, जनपद और मोबाइल नंबर भरकर आवेदन करें पर क्लिक करें.

स्टेप 2: योजना के सेक्शन में जाकर 'गंभीर बीमारी सहायता योजना' का चयन करें. अपना मोबाइल नंबर दर्ज कर आवेदन पत्र खोलें पर क्लिक करें.

स्टेप 3: अब आपके सामने मुख्य आवेदन फॉर्म खुल जाएगा. इसमें श्रमिक अपनी, अपनी पत्नी, बच्चों या माता-पिता की सही जानकारी भरें. अपने बैंक अकाउंट की डिटेल भरें, मांगे गए जरूरी दस्तावेजों को अपलोड करें और सबमिट बटन पर क्लिक कर दें.

ऑफलाइन आवेदन का तरीका

अगर आप ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं तो आप अपने नजदीकी श्रम विभाग कार्यालय, तहसीलदार कार्यालय या ब्लॉक विकास अधिकारी के ऑफिस में जा सकते हैं.  वहां से योजना का फॉर्म लेकर उसमें सभी सही जानकारियां भरें, अपने दस्तावेज अटैच करें और उसी कार्यालय में जमा कर दें.