उत्तर प्रदेश पुलिस के तेजतर्रार अधिकारी और फिरोजाबाद में तैनात एडिशनल एसपी (ASP) अनुज चौधरी अपने एक खास वीडियो संदेश को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आ गए हैं. एएसपी अनुज चौधरी ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने देश के नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, सादगी अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की एक भावुक व गंभीर अपील की है.
ADVERTISEMENT
'राष्ट्र प्रथम यही भारत की परंपरा'- संकट के समय निजी हितों से ऊपर उठें नागरिक
वीडियो की शुरुआत में एएसपी अनुज चौधरी ने देशवासियों का अभिवादन करते हुए भारत की सनातन संस्कृति और पहचान को याद दिलाया. उन्होंने कहा, "राष्ट्र प्रथम यही भारत की परंपरा है. जब-जब राष्ट्र के सामने संकट आया है, तब-तब भारतवासियों ने अपने निजी हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को चुना है. यही हमारी संस्कृति और यही हमारी पहचान है." उन्होंने मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज वैश्विक अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों के बीच देश के यशस्वी, दूरदर्शी एवं कर्मयोगी प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों से संयम, सादगी और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है. यह केवल एक आर्थिक सलाह नहीं है, बल्कि भारत की सनातन जीवन दृष्टि का रूप है.
पंडित दीनदयाल और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों का किया जिक्र
अपने संबोधन में एएसपी अनुज चौधरी ने देश के महापुरुषों के विचारों को आज के दौर से जोड़ा. उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का मानना था कि भारत का विकास उसकी अपनी संस्कृति, स्वदेशी सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के आधार पर होना चाहिए. आज प्रधानमंत्री जी का 'आत्मनिर्भर भारत' और 'वोकल फॉर लोकल' का मंत्र उसी विचार को आगे बढ़ाता दिखाई देता है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने त्याग और अनुशासन से राष्ट्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया था. आज फिर यह समय हमसे यही अपेक्षा कर रहा है कि हम अपनी छोटी-छोटी आदतों से देश को बड़ी शक्ति दें.
नागरिकों से की यह खास अपील, सीमा पर सैनिक तो अंदर जागरूक नागरिक बढ़ाएं देश की शक्ति
फिरोजाबाद के एएसपी ने देश की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने के लिए नागरिकों को व्यावहारिक सुझाव दिए. उन्होंने कहा कि यदि हम ईंधन की बचत करें, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें, अनावश्यक खर्चों से बचें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें, तो यह केवल हमारा व्यक्तिगत निर्णय नहीं होगा, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने में एक बड़ा योगदान होगा.
वीडियो के अंत में उन्होंने नागरिकों के कर्तव्य को सीमा पर तैनात सैनिकों के समान बताते हुए कहा, "याद रखिये, सीमा पर सैनिक देश की रक्षा करते हैं और अपने कर्तव्यों का पालन करने वाले जागरूक नागरिक देश की शक्ति बढ़ाते हैं. आइये संकल्प लें स्वदेशी अपनाएंगे, संसाधनों की बचत करेंगे, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे. राष्ट्र मजबूत होगा तभी हम सब मजबूत होंगे. जय हिंद, जय भारत."
ADVERTISEMENT










