राजमिस्त्री असर मोहम्मद ने पढ़ ली हनुमान मंदिर के अंदर नमाज... मकान मालिक राजकुमार की उस एक बात ने कैसे बढ़ा दिया बुलंदशहर के ओलिना गांव का पारा?

मुकुल शर्मा

• 08:56 AM • 04 Jun 2026

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के ओलिना गांव में हनुमान मंदिर के अंदर नमाज पढ़ने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मकान मालिक राजकुमार और राजमिस्त्री असर मोहम्मद समेत 3 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है.

Bulandshahr Hanuman Temple Namaz Video

Bulandshahr Hanuman Temple Namaz Video

Google CTA

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले स्थित औरंगाबाद के ओलिना गांव में हनुमान मंदिर परिसर के अंदर कथित तौर पर नमाज पढ़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष फैल गया, जिसे देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. जबकि दो आरोपियों के विरुद्ध शांति भंग करने की धारा में चालान कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें...

मकान निर्माण के दौरान हुई घटना, बूंदाबांदी के चलते मंदिर में पढ़ी नमाज?

दर्ज एफआईआर के अनुसार, यह पूरा मामला बुलंदशहर के ओलिना गांव का है. गांव के निवासी राजकुमार के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें पड़ोसी गांव जहरा से आए राजमिस्त्री और मजदूर काम कर रहे थे.

बीती 31 मई को दोपहर में लंच के समय कुछ मजदूर खाना खाने के लिए चले गए. इसी दौरान अचानक हल्की बूंदाबांदी होने लगी. बारिश से बचने के लिए मुख्य राजमिस्त्री असर मोहम्मद निर्माणाधीन मकान के ठीक सामने स्थित हनुमान मंदिर परिसर में चला गया. बताया जा रहा है कि बारिश के कारण मकान मालिक राजकुमार के कहने पर असर मोहम्मद ने मंदिर परिसर के भीतर ही नमाज पढ़ ली, जबकि उसका साथी नजर मोहम्मद भी वहीं पास में खड़ा हुआ था.

वीडियो वायरल होने पर भड़का ग्रामीणों का गुस्सा

मंदिर परिसर में नमाज पढ़ने के दौरान ही किसी स्थानीय व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जैसे ही यह वीडियो ग्रामीणों और दूसरे समुदाय के लोगों के बीच पहुंचा, इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया. घटना की संवेदनशीलता और तनाव को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी. जानकारी मिलते ही औरंगाबाद थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) मोहम्मद असलम भारी पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए आरोपी राजमिस्त्री असर मोहम्मद को हिरासत में ले लिया और थाने ले आई.

मकान मालिक समेत 3 पर FIR

इस पूरे प्रकरण को लेकर जब थाना प्रभारी मोहम्मद असलम से फोन पर बातचीत की गई, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला 31 मई का है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो पाया कि वहां काम कर रहे संबंधित मजदूर द्वारा नमाज पढ़े जाने के कारण दूसरे समुदाय के लोगों में काफी गुस्सा था. पुलिस ने मुख्य आरोपी राजमिस्त्री असर मोहम्मद, उसके साथी नजर मोहम्मद और मकान मालिक राजकुमार के खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. मुख्य आरोपी असर मोहम्मद का शांति भंग करने के मामले में चालान कर दिया गया है.

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस की त्वरित मुस्तैदी के कारण फिलहाल मौके पर पूरी तरह शांति बनी हुई है और कानून-व्यवस्था नियंत्रण में है. पुलिस मामले की गहनता से विधिक जांच कर रही है.