UP Police Bharti 2026: उत्तर प्रदेश में सिपाही बनने का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत का बड़ा पिटारा खोल दिया है. 8, 9 और 10 जून को आयोजित होने जा रही आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ हाई-लेवल समीक्षा बैठक की. इस दौरान लगभग 29 लाख अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सुरक्षा पारदर्शिता और युवाओं की सहूलियत से जुड़े कई ऐतिहासिक निर्देश जारी किए हैं. सीएम योगी ने साफ शब्दों में कहा कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. वहीं परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के सफर को आसान बनाने के लिए सीएम योगी ने 6 बातों को हर हाल में ध्यान रखने की बात कही है.
ADVERTISEMENT
भर्ती परीक्षा को लेकर CM योगी के 6 ऐलान
1. परीक्षा देने के लिए एक से दूसरे जिले में जाने वाले अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए परिवहन विभाग अंतर्जनपदीय विशेष बसें चलाएगा जिसमें युवाओं को कम किराए की सुविधा मिलेगी.
2. सीएम योगी ने सख्त हिदायत दी है कि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के बाहर धूप में खड़ा नहीं रहना पड़ेगा. केंद्रों पर पर्याप्त छाया, बैठने की सीट और ठंडे पेयजल की मुकम्मल व्यवस्था होगी.
3.परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की प्रशासनिक या तकनीकी खामी न आए इसके लिए 6 जून को प्रदेशभर में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की देखरेख में फुल रिहर्सल कराया जाएगा.
4.भीषण गर्मी के मौसम को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं. बिजली कटने की स्थिति के लिए पहले से ही जनरेटर और वैकल्पिक पावर बैकअप तैयार रखने को कहा गया है.
5. परीक्षा को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी या पेपर लीक जैसी अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर एसटीएफ और पुलिस की लगातार पैनी नजर रहेगी. अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी.
6. परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा. वहीं पूर्व में संदिग्ध या संवेदनशील रहे केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा घेरा और आधुनिक सर्विलांस तंत्र सक्रिय किया जाएगा.
2 पालियों में आयोजित होगी परीक्षा
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अधिकारियों ने सीएम योगी को अवगत कराया कि यह महापरीक्षा 8, 9 और 10 जून को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी. इतनी बड़ी संख्या में उम्मीदवारों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग युद्धस्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं. प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और निगरानी तंत्र का पूरा खाका मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया गया जिसकी उन्होंने बारीकी से समीक्षा की.
ADVERTISEMENT









