बांदा में सपा नेता मोहन साहू ने जैसे ही खोला गाड़ी का शीशा महिला ने फेंक दी चप्पल फिर कहने लगी ये सब बातें

बांदा में सपा नेता और पूर्व नगर पालिका चेयरमैन मोहन साहू को एक महिला द्वारा बीच सड़क पर चप्पल मारने का वीडियो वायरल हो गया है. महिला ने मकान विवाद और उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं जबकि मोहन साहू ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है.

Mohan Sahu Attack

Mohan Sahu Attack

Google CTA

Slipper Attack on Mohan Sahu: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन और समाजवादी पार्टी के नेता मोहन साहू पर एक महिला ने बीच सड़क पर चप्पल मार दी. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला कोर्ट से मकान का मुकदमा हारने के बाद से नाराज थी और उसने पूर्व चेयरमैन पर मकान जबरन खाली कराने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए इस कदम को अंजाम दिया. दूसरी तरफ सपा नेता ने इसे अपने खिलाफ एक बड़ा राजनीतिक षडयंत्र बताया है. सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

यह भी पढ़ें...

महिला ने मोहन साहू पर लगाए घर उजाड़ने के आरोप

चप्पल मारने वाली पीड़ित महिला गीता ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उसका एक मकान को लेकर कोर्ट में मुकदमा चल रहा था जिसमें वह केस हार गई थी. गीता के मुताबिक 'केस हारने के बाद मैंने घर खाली कर दिया था. लेकिन जो आधा हिस्सा बचा था वहां पूर्व चेयरमैन मोहन साहू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मुझे मारा-पीटा और जातिसूचक गालियां दीं. इन लोगों ने मुझे जबरन बाहर धकेलकर घर पर कब्जा कर लिया और मेरी 50 साल की गृहस्थी का सामान फेंक कर मुझे व मेरी बेटी को बेघर कर दिया.' अब रहने का कोई ठिकाना न होने की बात कहते हुए महिला ने प्रशासन से मामले की उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की है.

गाड़ी का शीशा खोलते ही मार दी चप्पल

इस पूरे घटनाक्रम पर सपा नेता और पूर्व चेयरमैन मोहन साहू ने अपनी सफाई देते हुए कहा कि उन्हें केवल बदनाम करने और उनकी राजनीतिक छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने घटना की जानकारी देते हुए बताया 'मैं सुबह एक कार्यक्रम में जा रहा था तभी गीता नाम की महिला मेरी गाड़ी के सामने आकर हाथ जोड़ने लगी. मुझे लगा कि उसके साथ कोई अन्याय हुआ है और वह मदद की गुहार लगा रही है. लेकिन जैसे ही मैंने गाड़ी का शीशा नीचे किया, उसने मुझ पर चप्पल चला दी.'

मोहन साहू ने महिला के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह महिला उनके मां-बहन जैसी है. लेकिन सत्ताधारी राजनीतिक दल के लोग उसे बरगलाकर उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से इस जानलेवा हमले की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है.

कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने खाली कराया था मकान

मामले की बैकग्राउंड को लेकर जानकारी सामने आई है कि उक्त महिला उस मकान में लंबे समय से किराएदार के रूप में रह रही थी. मकान मालिक और महिला के बीच चल रहे विवाद में कोर्ट ने मकान खाली करने का आदेश जारी किया था जिसके अनुपालन में पुलिस प्रशासन ने ही कानूनन मकान को खाली कराया था. पूर्व चेयरमैन का दावा है कि इस विवाद से उनका कोई सीधा लेना-देना नहीं है. फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो इलाके में भारी चर्चा का विषय बना हुआ है और पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर विधिक कदम उठा रही है.