IAS Divya Mittal In Vaishno Devi News: उत्तर प्रदेश कैडर की चर्चित IAS अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अब माता वैष्णो देवी के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए हैं. उन्होंने अपने इस एक्सपीरिएंस का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. दिव्या मित्तल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि उन्हें 'माँ वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ.' इसके साथ ही उन्होंने मां के प्रति आभार जताते हुए आगे की राह के लिए सद्बुद्धि, साहस, प्रेम और सही नजर देने की प्रार्थना की. उनकी इस पोस्ट ने इस्तीफे के बाद उनके अगले सफर को लेकर फिर चर्चा बढ़ा दी है.
ADVERTISEMENT
दिव्या मित्तल ने लिखी ये बात
दिव्या मित्तल ने इंस्टाग्राम पोस्ट में मां के प्रति अपनी भावनाएं कविता के जरिए व्यक्त कीं. उन्होंने लिखा, 'माँ, बिन माँगे तूने सब दिया, मैं तेरे चरणों में चढ़ाऊँ क्या? बस अपना आभार चढ़ाती हूँ, भर आई आँखों की अश्रुधार चढ़ाती हूँ.' इसके बाद उन्होंने लिखा, 'पर आगे राह कठिन है.' उन्होंने मां से सद्बुद्धि मांगते हुए सही और गलत का अंतर समझने की प्रार्थना की. साथ ही सही रास्ते पर लगातार चलने के लिए साहस, दूसरों के दुख को अपना समझने के लिए प्रेम और दुनिया की नजर से छूटे लोगों में भी मां का रूप देखने वाली नजर देने की बात कही. पोस्ट के अंत में उन्होंने 'जय माता दी' लिखा.
दिव्या मित्तल ने क्यों लिया था ये फैसला?
दिव्या मित्तल के IAS पद से इस्तीफे के बाद उनके इस फैसले को लेकर काफी चर्चा हुई थी. कुछ दिन पहले उन्होंने यूपी Tak से बातचीत में स्पष्ट किया था कि इस्तीफा किसी दबाव या अचानक पैदा हुई स्थिति का परिणाम नहीं था. उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों और परिवार को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया. दिव्या ने कहा था, 'IAS की नौकरी उनकी जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा थी, पूरी जिंदगी नहीं.' उन्होंने यह भी बताया था कि अपनी भावनाओं और सोच को वह सोशल मीडिया पर एक पत्र के जरिए पहले ही साझा कर चुकी हैं.
समाज सेवा में आगे बढ़ने के संकेत
IAS की जिम्मेदारी से अलग होने के बाद दिव्या मित्तल ने अपने भविष्य को लेकर भी संकेत दिए थे. उन्होंने बताया था कि आगे वह लेखन, शिक्षण और समाज सेवा से जुड़े काम कर सकती हैं. हालांकि उस समय उन्होंने यह साफ किया था कि अभी उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है. उनका कहना था कि वह परिवार और अपनी निजी रुचियों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहती हैं. उनकी दो बेटियां हैं और वह आने वाले समय में परिवार को भी पर्याप्त समय देना चाहती हैं. इसलिए उनका अगला पड़ाव किसी एक पेशे तक सीमित होने के बजाय कई क्षेत्रों से जुड़ा हो सकता है.
पति भी छोड़ चुके हैं सरकारी सेवा
दिव्या मित्तल के इस्तीफे के साथ उनके पति और पूर्व IAS अधिकारी गगनदीप सिंह ढिल्लों का करियर भी चर्चा में आया था. गगनदीप सिंह ढिल्लों ने 2022 में वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद से इस्तीफा दिया था. दोनों ने IIT दिल्ली और IIM बैंगलोर से पढ़ाई की और सिविल सेवा में आने से पहले विदेश में मल्टीनेशनल कंपनियों में काम किया था. दिव्या लंदन में जेपी मॉर्गन और गगनदीप सिटी ग्रुप में नौकरी करते थे. अच्छी नौकरी के बावजूद दोनों भारत लौटे और सिविल सेवा को अपना करियर बनाया.
दूसरे प्रयास में IAS बनीं
दिव्या मित्तल ने दूसरे प्रयास में 2012 में 68वीं रैंक हासिल कर IAS परीक्षा पास की थी, जबकि उनके पति पहले ही प्रयास में सफल हो गए थे. प्रशासनिक सेवा के दौरान दिव्या मित्तल मिर्जापुर, संत कबीर नगर और देवरिया की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. अपनी सख्त लेकिन संवेदनशील कार्यशैली के कारण उनकी पहचान बनी. अब IAS से इस्तीफे के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन और उनकी इंस्टाग्राम पोस्ट ने उनके नए सफर को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है.
ADVERTISEMENT











