'कितने असद को मारोगे मेरे हथियार भी हैं तैयार'... सूर्या चौहान की हत्या के बाद वीडियो बनाकर बदतमीजी कर रहा था अमन, मिला गया तगड़ा सबक

Asad encounter Meerut News: गाजियाबाद के सूर्या चौहान मर्डर केस के आरोपी असद के एनकाउंटर पर 14 सेकंड का भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाले मेरठ के अमन को पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है.

Asad encounter Meerut News

उस्मान चौधरी

• 09:57 AM • 03 Jun 2026

follow google news

Asad encounter Meerut News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद के पुलिस एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले एक युवक को पुलिस ने कड़ा सबक सिखाया है. एनकाउंटर से बौखलाकर इंटरनेट पर छुरी लहराते हुए भड़काऊ और आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले आरोपी को मेरठ की ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने चंद घंटों के भीतर सलाखों के पीछे भेज दिया है. पुलिस की कार्रवाई के बाद हेकड़ी भूल चुका आरोपी अब कान पकड़कर उठक-बैठक करते हुए माफी मांगता नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें...

यह पूरा मामला मंगलवार को तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर 14 सेकंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ. इस वीडियो की शुरुआत में मृतक छात्र सूर्या चौहान और एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी असद की तस्वीरें दिखाई गई थीं, जिसके ठीक बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर सामने आई. वीडियो के अंतिम हिस्से में एक युवक खून से सने कुर्ता-पायजामे में हाथों में बड़ी छुरी लहराते और उसे चलाने का हिंसक प्रदर्शन करता नजर आ रहा है. इस वीडियो के ऊपर समाज में विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से एक बेहद आपत्तिजनक टैगलाइन लिखी गई थी, जिसमें लिखा था- 'कितने असद को मारोगे मेरे हथियार भी हैं तैयार'.

धार्मिक भावनाओं और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की थी कोशिश

सोशल मीडिया के माध्यम से यह वीडियो जैसे ही पुलिस के संज्ञान में आया, पुलिस प्रशासन ने इसके गंभीर नतीजों को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की. वीडियो के बैकग्राउंड में बज रहे ऑडियो और लिखी गई टैगलाइन में बेहद आपत्तिजनक एवं भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया गया था. पुलिस के मुताबिक, इस वीडियो से क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं को भड़काने और आपसी सामाजिक सौहार्द को गंभीर रूप से प्रभावित करने की पूरी संभावना थी. प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना ब्रह्मपुरी पुलिस द्वारा तत्काल विस्तृत सुरागरसी-पतारसी और तकनीकी सर्विलांस की मदद ली गई.

कच्चा दगड़ा भूमिया पुल के पास से दबोचा गया आरोपी, छुरी भी बरामद

पुलिस की गहन पड़ताल में भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने वाले शातिर युवक की पहचान अमन पुत्र अशरफ के रूप में हुई, जो ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के हरिनगर अंगूर वाली मस्जिद, पूर्वा इलाही बख्श (जनपद मेरठ) का रहने वाला है. पहचान पुख्ता होते ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी धरपकड़ के लिए टीमें रवाना कर दीं.

विनायक गोपाल भोसले (SP City, मेरठ) ने बताया, "उपरोक्त प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया था. थाना ब्रह्मपुरी पुलिस द्वारा त्वरित और तत्परता से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अमन को वीडियो में प्रदर्शित की गई अवैध छुरी के साथ देर रात 'कच्चा दगड़ा भूमिया पुल' के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है. अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है."

गिरफ्तारी के बाद आरोपी अमन का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस कस्टडी में पूरी तरह सहमा हुआ है और अपने किए पर कान पकड़कर उठक-बैठक करते हुए माफी मांग रहा है. पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ पोस्ट या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों को कतई बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढ़ें: सूर्या चौहान हत्याकांड में पीड़ित परिवार को मिल गई ये सरकारी नौकरी, खुद DM रविंद्र कुमार ने घर जाकर दिया नियुक्ति पत्र