UP Rainfall Alert: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी 2 जून को प्रदेश के 55 से अधिक जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है. कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव से तापमान में गिरावट आएगी और पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी.
ADVERTISEMENT
पूर्वी यूपी में सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है.
लखनऊ-कानपुर समेत अवध क्षेत्र में भी अलर्ट
राजधानी लखनऊ सहित उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भी आज गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. वहीं कानपुर नगर, कानपुर देहात, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत आसपास के जिलों में तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.
पश्चिमी और बुंदेलखंड के जिलों पर भी नजर
अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं बुंदेलखंड क्षेत्र के जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर में भी मौसम करवट ले सकता है और कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की जा सकती है.
वज्रपात से बचाव के लिए बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है. किसानों, मजदूरों और बाहर काम करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने के लिए कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
ADVERTISEMENT









