विवेक सर की एग्जामपुर कोचिंग सील होने बाद अखिलेश यादव ने दिया था ये रिएक्शन, अब सपा कार्यकर्ता घुसे अधिकारियों के दफ्तर में और करने लगे ये काम!

Prayagraj Coaching Centres Sealed: प्रयागराज में कोचिंग संस्थानों पर हुई सीलिंग कार्रवाई के बाद सियासी घमासान तेज हो गया है. अखिलेश यादव के समर्थन में उतरे सपा नेताओं ने पीडीए कार्यालय पहुंचकर फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच की और अधिकारियों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया.

Prayagraj Coaching Centres Sealed

Prayagraj Coaching Centres Sealed

Prayagraj Coaching Centres Sealed: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में तीन बड़े कोचिंग सेंटरों को सील किए जाने का मामला अब पूरी तरह से राजनीतिक अखाड़े में तब्दील हो चुका है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया पर बैक-टू-बैक किए गए पोस्ट के बाद सपा नेता और विधायक पूरी तरह एक्शन मोड में आ गए हैं. मेजा विधायक संदीप पटेल और जिला अध्यक्ष इफ्तिखार हुसैन के नेतृत्व में सपाइयों ने सीधे प्रयागराज विकास प्राधिकरण के दफ्तर पर ही धावा बोल दिया और वहां लगे फायर सेफ्टी उपकरणों की खुद ही चेकिंग शुरू कर दी. सपा नेताओं का आरोप है कि दूसरों को सर्टिफिकेट बांटने वाले पीडीए के अपने ही दफ्तर में सुरक्षा उपकरण कबाड़ हो चुके हैं. इस पूरे सियासी हंगामे के बीच पीडीए के अधिकारियों ने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इनकार कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

अखिलेश यादव ने पोस्ट कर कही थी ये बात

इस पूरे विवाद की शुरुआत 3 मई को हुई जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रयागराज में सील की गई एग्जामपुर, सुपर क्लाइमेक्स एकेडमी और टार्गेट ऑन रवि सर कोचिंग के समर्थन में बकायदा दो पोस्ट किए. अखिलेश यादव ने सीधे प्रयागराज विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग को आड़े हाथों लेते हुए कहा 'अगर ये कोचिंग संस्थान अवैध निर्माण के दायरे में आते हैं  तो हम उन सभी अधिकारियों के निलंबन और उनसे ही वसूली की मांग करते हैं जिनके कार्यकाल में यह निर्माण हुआ या जिन्होंने आज तक इस पर कोई आपत्ति नहीं की.' उन्होंने जनप्रतिनिधियों और विश्वसनीय पत्रकारों की देखरेख में तत्काल पीडीए और फायर ब्रिगेड विभाग के ही फायर ऑडिट की मांग कर डाली.

पीडीए दफ्तर की चेकिंग करने पहुंचे सपा विधायक

सपा मुखिया का निर्देश मिलते ही प्रयागराज के सपा नेता सक्रिय हो गए. मेजा से सपा विधायक संदीप पटेल, नेता संदीप यादव और जिला अध्यक्ष इफ्तिखार हुसैन भारी समर्थकों के साथ पीडीए कार्यालय पहुंचे.वहां की बहुमंजिला इमारत में लगे अग्निशमन यंत्रों की जांच करने के बाद सपा नेताओं ने पीडीए के उपाध्यक्ष के सामने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई.

विधायक संदीप पटेल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि 'इतनी बड़ी सरकारी बिल्डिंग में जो गैस इंस्ट्रूमेंट लगे हैं वो जाम हैं और उनमें जंग लग चुकी है. फायर ब्रिगेड के पानी के सिस्टम में पानी ही नहीं आ रहा है. पीडीए खुद जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहा है और दूसरों पर कार्रवाई का डंडा चला रहा है.' सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों की जांच कराकर उन्हें जेल भेजा जाएगा.

'शिक्षकों और छात्रों को क्यों किया जा रहा प्रताड़ित?'

सपा जिला अध्यक्ष इफ्तिखार हुसैन ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब ये कोचिंग संस्थान खोले गए थे और हजारों नौजवानों का भविष्य इनसे जुड़ा था तब अधिकारियों ने समय रहते ऑडिट क्यों नहीं किया? उन्होंने कहा कि अधिकारियों के भ्रष्टाचार की सजा गरीब छात्रों और शिक्षकों को दी जा रही है. चेतावनी देने के बजाय सीधे तालाबंदी करना यह दर्शाता है कि सरकार केवल विरोध की जुबान पर ताला लगाना चाहती है.

31 मई को हुई थी बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि बीते 31 मई को प्रयागराज विकास प्राधिकरण और अग्निशमन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एग्जामपुर, सुपर क्लाइमेक्स एकेडमी और टार्गेट ऑन रवि सर कोचिंग संस्थानों को मानकों की कमी का हवाला देकर सील कर दिया था. नोटिस के अनुसार, इन संस्थानों को पहले भी पत्र भेजे गए थे. लेकिन 29 तारीख तक जवाब न मिलने पर 31 मई को सीलिंग की कार्रवाई की गई. अकेले एग्जामपुर कोचिंग को दिए गए नोटिस में फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन के 7 मुख्य बिंदु उठाए गए थे.

इस पूरे सियासी बवाल और सपा नेताओं द्वारा उठाए गए गंभीर सवालों को लेकर जब मीडिया ने प्रयागराज विकास प्राधिकरण के आला अधिकारियों से बात करने की कोशिश की तो कोई भी जिम्मेदार अधिकारी कैमरे के सामने आने को तैयार नहीं हुआ और पूरे मामले पर चुप्पी साध ली.