जंतर-मंतर पर छात्रों की मदद करने वाले जुनैद के पिता आए सामने, पुलिस पूछताछ पर कही ये बात

मयंक गौड़

• 10:48 AM • 27 Jul 2026

NEET-UG पेपर लीक आंदोलन के दौरान चर्चा में आए मोहम्मद जुनैद के पिता का वीडियो सामने आया है. उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ के बाद उन्हें घर भेज दिया गया. गाजियाबाद पुलिस ने भी पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा.

तस्वीर में जुनैद और उनके पिता

तस्वीर में जुनैद और उनके पिता

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक के खिलाफ चले छात्र आंदोलन के दौरान गाजियाबाद के रहने वाले मोहम्मद जुनैद का नाम लगातार चर्चा में रहा. प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए एक महीने से ज्यादा समय तक खाने-पीने की व्यवस्था करने वाले जुनैद के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए. हाल ही में जुनैद ने आरोप लगाया था कि छात्रों की मदद करने की वजह से उनके परिवार को पुलिस कार्रवाई का सामना करना पड़ा.

यह भी पढ़ें...

इसी बीच अब जुनैद के पिता का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में उन्होंने पुलिस पूछताछ को लेकर अपनी बात रखी है. दूसरी ओर गाजियाबाद पुलिस ने भी इस पूरे मामले पर अपना पक्ष सामने रखा है.

जुनैद के पिता ने वीडियो में क्या कहा?

वीडियो में जुनैद के पिता मुस्तफा ने कहा, "मेरा नाम मुस्तफा है. मेरे पिता का नाम इंतजार है. मैं नाहल का रहने वाला हूं. मेरा लड़का दिल्ली प्रोटेस्ट में था. मुझे थाने में पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पूछताछ करने के बाद मुझे छोड़ दिया गया और मैं अपने घर आ गया हूं."

जुनैद ने क्या लगाए थे आरोप?

गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के गांव नाहल निवासी जुनैद ने इंडिया टुडे ग्रुप के डिजिटल प्लेटफॉर्म लल्लनटॉप से बातचीत में दावा किया था कि 23 जुलाई को मसूरी थाना पुलिस उनके पिता को घर से उठाकर थाने ले गई थी. उनके मुताबिक, देर रात पूछताछ के बाद पिता को छोड़ दिया गया. जुनैद का यह भी दावा था कि अगले दिन यानी 24 जुलाई की सुबह उनके पिता को दोबारा पुलिस अपने साथ ले गई. इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि मेरठ में रहने वाली उनकी बहन के ससुर और देवर को भी पुलिस गाजियाबाद लेकर आई.

पुलिस ने क्या कहा?

इस मामले में गाजियाबाद के डीसीपी ग्रामीण जोन सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि जुनैद के पिता को मसूरी थाने केवल सामान्य पूछताछ के लिए बुलाया गया था. पूछताछ पूरी होने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया और वे अपने घर वापस चले गए. पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी की बात सही नहीं है. अधिकारियों के अनुसार, सामान्य पूछताछ के बाद उन्हें रिहा कर दिया गया था. पुलिस ने यह भी कहा कि जुनैद के पिता ने खुद वीडियो जारी कर इसकी पुष्टि की है.

कौन हैं मोहम्मद जुनैद?

मोहम्मद जुनैद ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं और ज्यूडिशियल सर्विस एग्जाम (JSE) की तैयारी भी कर रहे हैं. उनके मुताबिक, वह 6 जून को CJP के पहले प्रदर्शन के दौरान ही जंतर-मंतर पहुंचे थे.

उन्होंने बताया कि 20 जून को उनका एक सरकारी नौकरी का परीक्षा भी था. परीक्षा देने के बाद जब वह जंतर-मंतर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि भीषण गर्मी के बावजूद प्रदर्शन कर रहे छात्रों के लिए पीने के पानी जैसी बुनियादी व्यवस्था भी नहीं थी. इसके बाद उन्होंने उसी दिन प्रदर्शन स्थल पर पानी का स्टॉल लगाने का फैसला किया. धीरे-धीरे उन्होंने छात्रों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था भी शुरू कर दी, जिसकी वजह से उनका नाम आंदोलन के दौरान लगातार चर्चा में रहा.