जंतर मंतर पर छात्रों को पीटने वाला सत्यम पंडित पहले भी जा चुका है जेल, इसकी A टू Z प्रोफाइल आई सामने

सुषमा पांडेय

• 11:28 AM • 27 Jul 2026

जंतर-मंतर जा रहे छात्रों से मारपीट के वायरल वीडियो के बाद चर्चा में आए सत्यम पंडित कौन है? उसकी प्रोफाइल, गाजियाबाद कनेक्शन, विवाद, सोशल मीडिया गतिविधियां और अब तक के चर्चित मामलों की पूरी जानकारी देखिए.

Who is Satyam Pandit

Who is Satyam Pandit

Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET-UG पेपर लीक को लेकर छात्रों के आंदोलन के बीच एक वायरल वीडियो ने नया विवाद खड़ा कर दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो में भगवा गमछा पहने एक युवक कार रोककर दो छात्रों से बहस करता, उन्हें गालियां देता और थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है. दावा किया जा रहा है कि दोनों छात्र जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और इस युवक की पहचान गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित के रूप में हुई है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर सत्यम पंडित कौन है और पहले किन-किन मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है?

यह भी पढ़ें...

वायरल वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा सत्यम पंडित अपनी कार रोककर दो छात्रों से बातचीत करता है. इसके बाद वह उनके साथ बहस करता है, कथित तौर पर गाली-गलौज करता है और उन्हें थप्पड़ भी मारता है. वीडियो की खास बात यह है कि इसे खुद उसी युवक की ओर से रिकॉर्ड करवाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया. 

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए. लोगों ने पूछा कि आखिर राजधानी दिल्ली में इस तरह की घटना कैसे हो गई और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की.

विपक्षी नेताओं ने भी वीडियो शेयर किया

वीडियो सामने आने के बाद कई राजनीतिक नेताओं ने भी इसे सोशल मीडिया पर शेयर किया. समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि भाजपा और उसके सहयोगियों के दुर्व्यवहार और हिंसा को पूरा देश देख रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं से किए गए वादों के कुछ घंटे बाद ही ऐसा व्यवहार सामने आया. आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी वीडियो शेयर करते हुए सवाल उठाया कि दिल्ली पुलिस कहां है और ऐसे लोग खुलेआम कैसे घूम रहे हैं. शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने भी इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया दी.

बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें भी चर्चा में

वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर सत्यम पंडित की कुछ तस्वीरें भी शेयर की जाने लगीं. इनमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ उनकी एक तस्वीर दिखाई गई. इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ भी सत्यम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर मौजूद हैं. हालांकि उपलब्ध जानकारी के अनुसार, बीजेपी की सदस्यता या पार्टी में किसी आधिकारिक पद से उनका सीधा संबंध सामने नहीं आया है.

कौन हैं सत्यम पंडित?

सत्यम पंडित गाजियाबाद के पटेल नगर का रहने वाला है. अपने फेसबुक प्रोफाइल में वह खुद को हिंदू वीर सेना नामक संगठन का अध्यक्ष बताता हैं. इसके साथ ही उसने अपने परिचय में खुद को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का मुख्यवादी भी लिखा है. हाल ही में वायरल वीडियो को पोस्ट करते हुए सत्यम ने कैप्शन लिखा था कि वह जंतर-मंतर जाकर "कुछ कॉकरोच का इलाज" करने पहुंचा था.

एक और वीडियो भी हुआ वायरल

जंतर-मंतर वाले वीडियो के बाद सत्यम पंडित का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में आया. इसमें वह कांवड़ यात्रा के दौरान मुस्लिम अधिकारियों को ड्यूटी पर न लगाने की मांग करते दिखाई दिया. हालांकि यह वीडियो जंतर-मंतर विवाद के बाद का नहीं, बल्कि इससे करीब पांच दिन पहले सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया था.

सोशल मीडिया पर पहले भी विवादित बयान

सत्यम पंडित के सोशल मीडिया प्रोफाइल पर ऐसे कई वीडियो और पोस्ट मौजूद बताए जा रहे हैं, जिनमें वह विवादित और भड़काऊ बयान देता दिखाई दिया है. एक अन्य वीडियो, जिसे 17 जून का बताया जा रहा है, उसमें वह अपने कुछ साथियों के साथ बैठे है और सामने हथियार भी रखे हैं. यह वीडियो भी उसने खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था.

पहले भी दर्ज हो चुके हैं मुकदमे

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सत्यम पंडित पहले भी कई विवादों में घिर चुका है. अगस्त 2024 में बांग्लादेशी और रोहिंग्या समुदाय को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था. फरवरी 2026 में मीट की दुकानों को बंद कराने के दौरान मीट विक्रेताओं के साथ मारपीट के आरोप में भी उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई थी. जानकारी के मुताबिक, वह पहले जेल भी जा चुका है.

परिवार में कौन-कौन है?

बताया जाता है कि सत्यम पंडित एक मध्यमवर्गीय परिवार से आता है. उसके पिता निजी नौकरी करते हैं और परिवार का खर्च चलाते हैं. वहीं सोशल मीडिया पर अक्सर सत्यम पंडित कई गाड़ियों के काफिले और अपने प्रभाव का प्रदर्शन करते नजर आता है. इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग सवाल भी उठा रहे हैं.

यहां देखें पूरा वीडियो