UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. मौसम विभाग के लखनऊ केन्द्र के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक कल 27 जुलाई के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने बताया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार हैं. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और समय-समय पर जारी होने वाले मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी यूपी के इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार कल यानि 27 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संभाग में कुछ स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. इस दौरान सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अलीगढ़, कासगंज, बदायूं, फर्रुखाबाद और कन्नौज समेत कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया है.
पूर्वी यूपी में ऑरेंज अलर्ट जारी
पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम का प्रभाव अधिक रहने की संभावना जताई गई है. विभाग के अनुसार यहां अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, हरदोई, सीतापुर, लखनऊ, उन्नाव, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश होने के आसार हैं. इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
भारी बारिश को लेकर विभाग की चेतावनी
मौसम विभाग ने 27 जुलाई के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात और भारी वर्षा की बहुत संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए विभाग ने कहा है कि कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात तथा भारी से बहुत भारी वर्षा होने की बहुत संभावना है. विभाग का कहना है कि खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए.
मौसम बदलने पर इन बातों का रखें ध्यान
बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और ऊंचे स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है. जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और स्थानीय प्रशासन व मौसम विभाग की ओर से जारी ताजा जानकारी का पालन करें. विशेष रूप से जिन जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
28 जुलाई तक मौसम रहेगा सक्रिय
मौसम विभाग के लखनऊ केन्द्र के पूर्वानुमान के अनुसार 27 से 28 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में अधिक क्षेत्रों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है. ऐसे में किसानों, यात्रियों और आम लोगों को मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी योजनाएं बनाने की सलाह दी गई है.
ADVERTISEMENT











