पटना में दो बड़े कोचिंग संस्थानों के बीच चल रही वर्चस्व की लड़ाई ने अब एक नया मोड़ ले लिया है. 'खान ग्लोबल स्टडीज' के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें अब बढ़ती नजर आ रही हैं. खान सर की कोचिंग के बाहर वायरल फायरिंग वीडियो की जांच के बाद पटना पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है. इस पूरे मामले में सबसे बड़ा अपडेट खान सर के निजी सुरक्षाकर्मियों को लेकर सामने आया है. पुलिस पूछताछ में ये सामने आया है कि ये दोनों गार्ड्स उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. गिरफ्तार किए गए दोनों गार्ड्स ने यह कबूल किया है कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोलियां चलाई थीं.
ADVERTISEMENT
नोएडा की सिक्योरिटी एजेंसी से बुलाए गए थे UP के गार्ड्स?
पुलिस सूत्रों से मिली ताजा जानकारी के मुताबिक, पटना पुलिस की गिरफ्त में आए खान सर के दोनों प्राइवेट गार्ड्स उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. पूछताछ में यह बात सामने आई है कि खान सर ने अपनी सुरक्षा के लिए नोएडा की एक नामी सिक्योरिटी एजेंसी से कुल 17 गार्ड्स हायर किए थे. 2 जून की रात को हुई मारपीट की घटना के बाद इन गार्ड्स ने पुलिस के सामने खुलासा किया है कि खान सर के कहने पर ही उन्होंने हवाई फायरिंग की थी.
गार्ड्स के बयान के बाद खान सर बने नामदज आरोपी
यह पूरा विवाद 2 जून की रात का है जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर कथित तौर पर हमला हुआ था जिसमें उनके एक गार्ड के साथ मारपीट की गई थी. इस मामले में रोशन आनंद नाम के व्यक्ति पर आरोप लगा और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आया जब सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हो गया. इस नए वीडियो में खान सर के ही गार्ड्स दनादन गोलियां चलाते हुए दिखाई दे रहे थे. FSL जांच के लिए गार्ड्स के हथियार भेजने और कड़ाई से हुई पूछताछ के बाद पटना के कदमकुआं थाने में पुलिस ने खुद अपनी तरफ से शिकायत दर्ज की है. इस शिकायत में आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत खान सर को भी नामजद आरोपी बनाया गया है. सूत्रों की मानें तो पुलिस अब खान सर की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
FIR पर खान सर का पहला रिएक्शन
अपने खिलाफ एफआईआर दर्ज होने की खबरों के बीच खान सर का पहला बयान भी सामने आ गया है. न्यूज 18 से खास बातचीत में खान सर ने कहा कि 'मुझे फिलहाल अपने खिलाफ हुई किसी भी एफआईआर के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है. लेकिन अगर पुलिस ने कोई केस दर्ज किया है तो मैं कानून का सम्मान करता हूं और जांच में पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग करूंगा.'
बढ़ी खान सर को गिरफ्तार करने की मांग
शुरुआत में खान सर ने दावा किया था कि विपक्षी गुट की तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं. लेकिन वीडियो सामने आने के बाद वे अपने बयान से पलटते दिखे. अब जब यह साफ हो गया है कि गोलीबारी खान सर के गार्ड्स की तरफ से की गई थी तो पटना का सियासी और छात्र माहौल गरमा गया है. जेल में बंद रोशन आनंद के समर्थक छात्रों के साथ-साथ पटना के एक और चर्चित शिक्षक गुरु रहमान ने भी खान सर की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठा दी है.
फिलहाल पटना में कोचिंग माफिया और दो बड़े शिक्षकों के बीच वर्चस्व की यह लड़ाई पूरी तरह से कानूनी शिकंजे में तब्दील हो चुकी है. देखना दिलचस्प होगा कि उत्तर प्रदेश से बुलाए गए इन गार्ड्स के बयानों के बाद पटना पुलिस खान सर पर क्या और कितनी जल्दी एक्शन लेती है.
ADVERTISEMENT










