उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से स्वतंत्रता दिवस के एक कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. 15 अगस्त के इस वायरल वीडियो में हिंदू छात्राएं बुर्का पहनकर डांस करती हुई नजर आ रही थीं.
ADVERTISEMENT
वीडियो सामने आते ही बेसिक शिक्षा विभाग हरकत में आया और आनन-फानन में जब इस प्राइवेट स्कूल की पड़ताल शुरू की गई, तो एक ऐसा सच सामने आया जिसने अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
मामला गोंडा जिले के बभनजोत इलाके के औसानी बुजुर्ग में स्थित एक प्राइवेट स्कूल का है. 15 अगस्त के मौके पर स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम का वीडियो इंटरनेट पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया और बेसिक शिक्षा विभाग ने तुरंत जांच के आदेश दे दिए.
बिना मान्यता के चल रहा था स्कूल
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अमित कुमार सिंह के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) रियाज अहमद ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया. जांच में पाया गया कि स्कूल बिना किसी सरकारी मान्यता के ही गैर-कानूनी तरीके से चलाया जा रहा था.
अधिकारियों ने जड़ा ताला
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग ने करीब एक हफ्ते पहले ही स्कूल प्रबंधन को कामकाज बंद करने का निर्देश दिया था, लेकिन इसके बावजूद आदेश को अनदेखा कर स्कूल चलाया जा रहा था.
मान्यता न होने की पुष्टि होते ही अधिकारियों ने स्कूल के मैनेजर और प्रिंसिपल के कमरों के साथ-साथ मुख्य गेट पर भी ताला लगाकर पूरे परिसर को सील कर दिया.
छात्रों का क्या होगा?
बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस गैर-मान्यता प्राप्त स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा. बीएसए ने निर्देश दिए हैं कि यहां नामांकित सभी छात्र-छात्राओं का दाखिला पास के ही सरकारी या अन्य मान्यता प्राप्त स्कूलों में कराया जाएगा.
ADVERTISEMENT











