उत्तर प्रदेश: गैस संकट से जूझ रहा रायबरेली, ऊंचाहार में हालात बिगड़े...

Raebareli Gas Shortage News: रायबरेली के ऊंचाहार में रसोई गैस की भारी किल्लत, जामो गैस एजेंसी पर घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता. आपूर्ति ठप होने से घरों में नहीं जल रहे चूल्हे.

UP News

यूपी तक

19 Mar 2026 (अपडेटेड: 19 Mar 2026, 01:11 PM)

follow google news

Raebareli Gas Crisis: जिले में रसोई गैस की किल्लत ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. खासकर ऊँचाहार क्षेत्र में हालात ज्यादा खराब हैं, जहां लगातार कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बाधित चल रही है. गुरुवार को भी गैस न पहुंचने से उपभोक्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली.

यह भी पढ़ें...

आपको बता दें हालात यह हैं कि लोगों के घरों में चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं और वैकल्पिक व्यवस्था करने को मजबूर होना पड़ रहा है. ऊँचाहार स्थित जामो गैस एजेंसी पर सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए. महिलाएं, बुजुर्ग और युवक घंटों लाइन में लगे रहे, लेकिन गैस उपलब्ध न होने से अधिकांश लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने पहले ही बुकिंग करा रखी है, इसके बावजूद समय से डिलीवरी नहीं हो रही है.

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से यह समस्या लगातार बनी हुई है. कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी पर पारदर्शिता की कमी है और उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं दी जा रही है. वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी खराब है, जहां गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह ठप बताई जा रही है.

गैस संकट के चलते लोगों का दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों के सामने सुबह का खाना तैयार करना तक मुश्किल हो गया है. कई परिवारों ने लकड़ी और कोयले का सहारा लेना शुरू कर दिया है, जिससे अतिरिक्त खर्च और परेशानी दोनों बढ़ गई हैं.

उपभोक्ताओं में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे. वहीं जामो गैस एजेंसी की ओर से सप्लाई बाधित होने की बात कही जा रही है.

एजेंसी संचालकों का कहना है कि ऊपर से ही गैस की आपूर्ति कम आ रही है, जिसके चलते यह समस्या उत्पन्न हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होगा, उपभोक्ताओं को जल्द गैस मुहैया कराई जाएगी.

फिलहाल जिले में गैस संकट को लेकर प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल सामने नहीं आई है, जिससे उपभोक्ताओं की चिंता और बढ़ गई है.