UP Weather: यूपी में बारिश का सिलसिला शुरू, मौसम विभाग ने बताया कल किन-किन जिलों में बरसेंगे बादल

आयशा शेख़

• 06:23 PM • 06 Aug 2026

उत्तर प्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 7 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी, जबकि सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

UP Tak
Google CTA

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरे रंग में नजर आ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 7 अगस्त को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है.

यह भी पढ़ें...

पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश दोनों में बारिश होगी, लेकिन दोनों क्षेत्रों का पैटर्न अलग रहने वाला है. ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की तैयारी कर रहे हैं तो पहले मौसम का हाल जरूर जान लें.

7 अगस्त को कैसा रहेगा उत्तर प्रदेश का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 7 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

यानी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और कई जगह लोगों को उमस से राहत मिल सकती है. हालांकि बारिश हर जिले में एक जैसी नहीं होगी.

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक 7 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली जिलों में भारी बारिश की संभावना है. इन जिलों और आसपास के इलाकों के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. 

वहीं, प्रयागराज, चित्रकूट, संत रविदास नगर (भदोही), वाराणसी समेत आसपास के जिलों में भी कई स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है.

पिछले 24 घंटे में कहां हुई सबसे ज्यादा बारिश?

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के लगभग सभी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. कई स्थानों पर गरज-चमक भी देखने को मिली.

सबसे ज्यादा बारिश इटावा ऑब्जर्वेटरी में 13 सेंटीमीटर दर्ज की गई. इसके अलावा चकरनगर (इटावा) में 12 सेंटीमीटर, कैसरगंज (बहराइच), चुनार और मिर्जापुर, वाराणसी-बीएचयू में 9 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई. लखनऊ कंट्रोल रूम, महसी और मिर्जापुर तहसील में 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

तापमान में क्या रहेगा बदलाव?

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है.