अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के मामले में अब हादसे में घायल हुए मोहम्मद उमर का बयान सामने आया है. उमर ने बताया कि सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे. इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. आपको बता दें कि अली, अतीक अहमद दूसरे नंबर का बेटा है. अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था. खबर में आगे देखिए मोहम्मद उमर ने अपने बयान में क्या-क्या कहा?
ADVERTISEMENT
'डिवाइडर से टकरा गई कार'
घायल मोहम्मद उमर ने बताया, "कार डिवाइडर में लड़ गई. हम झांसी जा रहे थे अली भाई से मुलाकात करने. कार में भाई (अबान) थे, हम थे, फारुख भाई थे, सोनू भाई थे और जैद भाई थे. डिसबैलेंस होने से गाड़ी डिवाइडर में टकरा गई." उमर के बयान में हादसे की वजह गाड़ी का डिसबैलेंस होना बताई गई है.
झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे
प्रयागराज से झांसी जा रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई. कार में सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे.
इस हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उनके एक साथी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहम्मद उमर, मोहम्मद जैद समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस जांच जारी
शुरुआती जांच में पुलिस की ओर से यह जानकारी सामने आई थी कि हाईवे पर अचानक एक जानवर कार के सामने आ गया था. तेज रफ्तार होने की वजह से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से टकरा गई. हालांकि, घायल उमर ने अपने बयान में कहा है कि गाड़ी डिसबैलेंस होने के कारण डिवाइडर से टकराई.
गौरतलब है कि अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था. अबान अहमद अपने साथियों के साथ उसी से मुलाकात करने के लिए प्रयागराज से झांसी जा रहे थे. फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी कार्रवाई कर रही है और घायलों का इलाज जारी है.
ADVERTISEMENT











