प्रयागराज से झांसी आ रही एक तेज रफ्तार क्रेटा कार हाईवे पर अचानक हादसे का शिकार हो गई. इस सड़क हादसे में अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद और उनके एक दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
ADVERTISEMENT
घटना झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र की है. कार में सवार सभी लोग झांसी जेल में बंद अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद से मिलने जा रहे थे. सफर तो मुलाकात की उम्मीद से शुरू हुआ था, लेकिन एक पल की अनहोनी ने सब कुछ बदल कर रख दिया.
जानवर को बचाने के चक्कर में पलटी कार
शुरुआती जांच के मुताबिक, हाईवे पर अचानक एक जानवर कार के सामने आ गया था. गाड़ी की रफ्तार तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और क्रेटा कार बेकाबू होकर सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
हादसे में किसकी हुई मौत और कौन घायल?
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. हादसे में अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा आबान अहमद और उसका एक साथी की मौत हो गई. मोहम्मद जैद और उमर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
एसएसपी ने क्या कहा?
इस मामले में पुलिस प्रशासन का आधिकारिक बयान सामने आ गया है. झांसी के एसएसपी (SSP) ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत कार के तेज रफ्तार में डिवाइडर से टकराने की वजह से हुई है. एसएसपी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में आबान के साथ सवार उसके दोस्त सोनू की भी जान चली गई है.
झांसी जेल में बंद भाई से जा रहे थे मिलने
अतीक अहमद के दूसरे नंबर के बेटे अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी सेंट्रल जेल से झांसी जेल शिफ्ट किया गया था. आबान अपने दोस्तों के साथ उसी से मुलाकात करने घर से निकला था. फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घायलों का इलाज जारी है.
ADVERTISEMENT











