चेक बाउंस मामले में जेल में बंद बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. शाहजहांपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया मुंबई ने उनकी दो बड़ी संपत्तियां को नीलाम करने के लिए नोटिस चिपका दिया है. अभिनेता पर बैंक का 16 करोड़ 61 लाख 64 हजार रुपये का भारी-भरकम कर्ज बकाया है.यह लोन उन्होंने अपनी फिल्म 'अता पता लापता' के निर्माण के लिए लिया था.
ADVERTISEMENT
3.19 करोड़ की संपत्ति की होगी ऑनलाइन नीलामी
राजपाल यादव की शाहजहांपुर में दो संपत्तियां हैं. एक शहर में और दूसरी उनके गांव में खेत और मकान के रूप में है. बैंक द्वारा शाहजहांपुर की इन दोनों संपत्तियों की कुल कीमत 3 करोड़ 19 लाख 26 हजार रुपये तय की गई है. सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की ओर से इन संपत्तियों की ऑनलाइन नीलामी 9 सितंबर 2026 को की जाएगी.
मुंबई में भी होगी नीलामी
राजपाल यादव ने बैंक से लोन लेते वक्त अपनी पत्नी राधा यादव और मां गोदावरी यादव की संपत्तियों को गारंटी के तौर पर अटैच किया था. शाहजहांपुर के अलावा मुंबई में स्थित उनकी संपत्ति को भी नीलाम करने की प्रक्रिया चल रही है.
गौरतलब है कि राजपाल यादव जिस चेक बाउंस मामले में इस समय जेल में बंद हैं उस कंपनी के मालिक भी शाहजहांपुर के ही रहने वाले हैं. लोन न चुका पाने के कारण अब बैंक कर्मचारियों ने उनके शाहजहांपुर स्थित घर पर जाकर नीलामी का नोटिस चस्पा कर दिया है जिससे उनकी कानूनी और आर्थिक मुश्किलें और गहरा गई हैं.
ADVERTISEMENT











