उत्तर प्रदेश की जनता के लिए मौसम विभाग ने एक बेहद जरूरी और बड़ी अपडेट जारी की है. अगर आप सोच रहे हैं कि राज्य में बारिश कब होगी और मॉनसून कब दस्तक देगा, तो मौसम विभाग के इस ताजा प्रेस नोट ने स्थिति साफ कर दी है. मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, प्रदेश में बारिश कराने वाले किसी मौसम तंत्र के न होने की वजह से एक बार फिर से सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं, जिससे यूपी में हीटवेब का नया दौर शुरू हो चुका है.
ADVERTISEMENT
प्रयागराज और वाराणसी रहे सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी में मौसमी सक्रियता कम होने की वजह से तापमान में भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. इसी का नतीजा है कि प्रयागराज और वाराणसी आज लगातार दूसरे दिन पूरे देश के सबसे गर्म शहर दर्ज किए गए हैं. इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के चार प्रमुख जिले प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र और बहराइच आज पूरी तरह से भीषण लू की चपेट में रहे.
क्या आगामी दिनों में होगी बारिश?
प्रेस नोट के मुताबिक, प्रदेश में कहीं-कहीं पर अचानक गरज-चमकके साथ बूंदा-बांदी या छिटपुट बौछारें पड़ने की संभावना जरूर है. लेकिन, इस मामूली बूंदा-बांदी से गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली है. मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि आगामी 5 दिनों के दौरान तापमान में लगातार धीरे-धीरे इजाफा होगा और लू की स्थितियां लगातार जारी रहेंगी.
मॉनसून को लेकर क्या है ताजा अपडेट?
यूपी के लोग जिस मॉनसून और झमाझम बारिश के दौर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, उसको लेकर मौसम विभाग ने अभी इंतजार करने को कहा है. प्रेस नोट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में मॉनसून के आगे बढ़ने (अग्रसरण) के लिए परिस्थितियां बिल्कुल भी अनुकूल नहीं हैं. यानी मॉनसून को यूपी में दाखिल होने और दोबारा बारिश का परमानेंट दौर शुरू होने में अभी कुछ दिनों का समय और लग सकता है, तब तक प्रदेशवासियों को इस भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा.
ADVERTISEMENT










