यूपी बिजली विभाग का बड़ा फैसला! स्मार्ट मीटर का बैलेंस खत्म होने पर भी 3 दिन मिलेगी बिजली, पुराने मीटर बदलने पर रोक

उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए नई गाइडलाइन जारी। जीरो बैलेंस पर 3 दिन की अतिरिक्त बिजली, अवकाश पर नो-डिस्कनेक्शन और पुराने मीटर बदलने पर रोक के साथ IIT कानपुर के विशेषज्ञों की समिति गठित।

UP News

यूपी तक

• 04:25 PM • 20 Apr 2026

follow google news

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (UPPCL) ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए राहतों का पिटारा खोल दिया है। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने घोषणा की है कि अब स्मार्ट मीटर का बैलेंस जीरो होने की स्थिति में भी उपभोक्ताओं की बिजली तुरंत गुल नहीं होगी। 2 किलोवाट तक के भार वाले उपभोक्ताओं को जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम 3 दिन या ₹200 तक की बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से मिलती रहेगी।

यह भी पढ़ें...

45 दिनों तक सुरक्षित रहेगा कनेक्शन

उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जिन क्षेत्रों में अभी हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां अगले 45 दिनों तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इसमें 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद के 30 दिन शामिल हैं। इसके अलावा, रविवार या किसी भी अन्य सार्वजनिक अवकाश के दिन बैलेंस नेगेटिव होने पर भी बिजली काटना अब प्रतिबंधित कर दिया गया है।

पुराने मीटर बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक

स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली और ओवरबिलिंग की शिकायतों को देखते हुए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री द्वारा गठित तकनीकी समिति जब तक अपनी जांच रिपोर्ट नहीं सौंप देती, तब तक प्रदेश में पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर में बदलने की प्रक्रिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। आगे का निर्णय समिति की रिपोर्ट के आधार पर ही लिया जाएगा।

5-स्तरीय SMS अलर्ट और जांच समिति का गठन

उपभोक्ताओं को बैलेंस की जानकारी देने के लिए अब 5-स्तरीय एसएमएस (SMS) प्रणाली लागू की गई है। बैलेंस 30% रहने से लेकर कनेक्शन कटने के बाद तक कुल पांच संदेश भेजे जाएंगे। वहीं, स्मार्ट मीटर की तकनीकी गुणवत्ता की जांच के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें IIT कानपुर के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यह समिति 10 दिनों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

शिकायत के लिए जारी हुए हेल्पलाइन नंबर

उपभोक्ताओं की सहायता के लिए पावर कॉरपोरेशन ने टोल-फ्री नंबर 1912 के अलावा व्हाट्सएप चैटबॉट और क्षेत्रवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। मध्यांचल, पश्चिमांचल, पूर्वांचल और दक्षिणांचल के लिए अलग-अलग नंबर जारी कर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे शिकायतों का दैनिक आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें।