UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मॉनसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है और इसका असर प्रदेश के कई जिलों में साफ दिखाई दे रहा है. लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने 11 जुलाई के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के मध्य भाग में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय मॉनसूनी ट्रफ के कारण पूर्वी यूपी के लगभग सभी इलाकों और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है. विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT
इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 11 जुलाई को मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. इन जिलों में लगातार तेज बारिश के कारण जलभराव और स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है. प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
इन जिलों में भी होगी तेज बारिश
विभाग ने लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), जौनपुर, गाजीपुर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है. इन क्षेत्रों के लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की अपील की गई है.
वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी चेतावनी
बारिश के साथ प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है. विशेष रूप से कौशाम्बी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, लखनऊ, कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन और वज्रपात की संभावना अधिक बताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि 'खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें और बिजली कड़कने के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें.' इसके अलावा खुले मैदानों में जाने से भी बचने की सलाह दी गई है.
आम लोगों के लिए जरूरी सावधानियां
लगातार बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को निचले इलाकों और मौसमी नदी-नालों के पास जाने से बचने की सलाह दी है. वाहन चलाते समय फिसलन और कम दृश्यता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सावधानी बरतने की भी अपील की गई है. यदि तेज बारिश या आंधी शुरू हो जाए तो सुरक्षित भवन में ही रुकना बेहतर रहेगा. मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी जरूरी सलाह जारी की है. धान की रोपाई कर चुके किसान अपने खेतों की मेड़ों को मजबूत रखें ताकि पानी का बहाव नियंत्रित रहे. गन्ना, मक्का और अरहर के खेतों में यदि अधिक पानी जमा हो जाए तो उसे तुरंत बाहर निकालने की व्यवस्था करें, जिससे फसल खराब होने से बच सके. साथ ही सब्जियों की नर्सरी में पानी जमा न होने देने की सलाह भी दी गई है. विभाग का मानना है कि समय रहते इन सावधानियों को अपनाने से बारिश के दौरान फसलों को होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
ADVERTISEMENT











