Lucknow Kanpur Expressway Latest Update: उत्तर प्रदेश के दो बड़े महानगरों, लखनऊ और कानपुर के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है. नवाबों के शहर और यूपी के सबसे बड़े इंडस्ट्रियल हब के बीच की दूरी अब समय के हिसाब से कम होने वाली है. लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लंबा इंतजार आखिरकार खत्म होने जा रहा है.
ADVERTISEMENT
आगामी 13 जुलाई को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह NH-27 की परियोजना का भव्य उद्घाटन करने जा रहे हैं. अभी तक जो लोग लखनऊ और कानपुर के बीच के भारी-भरकम ट्रैफिक और जाम से जूझते थे, उन्हें अब इससे हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी. फिलहाल इस सफर में डेढ़ से दो घंटे का समय बर्बाद होता है, लेकिन इस 63 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे के चालू होते ही यह दूरी महज 35 से 45 मिनट में पूरी हो जाएगी.
रफ्तार और तकनीक का बेजोड़ संगम
6 लेन का यह एक्सप्रेसवे पूरी तरह से 'एक्सेस कंट्रोल्ड' है, जिसे भविष्य में जरूरत पड़ने पर 8 लेन तक बढ़ाया जा सकता है. इसकी दो सबसे बड़ी खूबियां इसे देश के दूसरे हाईवे से अलग बनाती हैं-
- एलिवेटेड रूट: लखनऊ के अमौसी के पास ट्रैफिक को बाईपास करने के लिए लगभग 13 किमी का हिस्सा जमीन से ऊपर यानी एलिवेटेड बनाया गया है.
- 3D ऑटोमेटेड ग्रेडिंग टेक्नोलॉजी: इसके निर्माण में इस खास तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सफर बेहद स्मूथ और सुरक्षित रहेगा.
इस हाई-स्पीड कॉरिडोर पर सुरक्षा के लिहाज से टू-व्हीलर (मोटरसाइकिल) और थ्री-व्हीलर (ऑटो-रिक्शा) वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी.
देश के हर बड़े एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी
इस एक्सप्रेसवे की सबसे बड़ी यूएसपी इसका रूट नेटवर्क है. यह यूपी के चारों कोनों को आपस में जोड़ देगा-
- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: लखनऊ आउटर रिंग रोड के जरिए यह सीधे कनेक्ट होगा. यानी कानपुर और उन्नाव बेल्ट के लोग सीधे आगरा और यमुना एक्सप्रेसवे से होते हुए दिल्ली-एनसीआर पहुंच जाएंगे.
- पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: शहीद पथ और किसान पथ के जरिए लिंक होने से कानपुर का इंडस्ट्रियल माल सीधे गाजीपुर, आजमगढ़ और पूर्वी यूपी तक बिना रुके पहुंचेगा.
- बुंदेलखंड और गंगा एक्सप्रेसवे: यह नेशनल हाईवे के जरिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा, वहीं उन्नाव के पास यह गंगा एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज को क्रॉस करेगा, जिससे मेरठ से लेकर प्रयागराज तक की राह आसान हो जाएगी.
कितना लगेगा टोल टैक्स?
नेशनल एक्सप्रेसवे 6 (NE-6) के रूप में अधिसूचित इस रूट पर सफर करने के लिए सामान्य कार चालकों को एक तरफ का टोल टैक्स 275 रुपये देना पड़ सकता है. हालांकि, रोजाना सफर करने वालों के लिए सालाना फास्टैग पास की सुविधा होगी जो काफी सस्ती पड़ेगी.
इस रूट पर ये 5 ऑटोमेटेड टोल प्लाजा बनाए गए हैं, जहां बूथ पर पहुंचने से पहले ही आपका फास्टैग रीड हो जाएगा-
- मिरानपुर पिनवट
- शिवपुरा, खांडेदेव
- बनी
- अमरसास (उन्नाव-लालगंज मार्ग)
- आजाद नगर (कानपुर सीमा के पास)
यूपी का नया 'ग्रोथ इंजन'
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे सिर्फ आम जनता का सफर आसान नहीं करेगा, बल्कि यूपी डिफेंस कॉरिडोर के लखनऊ और कानपुर सेंटर्स को जोड़कर भारी उद्योगों, वेयरहाउस और लॉजिस्टिक्स को तूफानी रफ्तार देगा.
ADVERTISEMENT











